विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी में बजा DJ तो इमाम नहीं पढ़ाएंगे निकाह, बरात लेट हुई तो 10 हजार जुर्माना; यूपी की इस पंचायत के कड़े फरमान!

Published: Tue, 17 Nov 2026 12:22 PM (GMT+05:30)

संभल की रायीन बिरादरी ने शादी में फिजूलखर्ची और कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े फैसले लिए हैं। इनमें ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. मृत्यु के बाद नहीं कराया जाएगा भोज, गरीब बेटियों की शादी में मदद करने का भी पंचायत में लिया निर्णय

जागरण संवाददाता, संभल। शादी-ब्याह में फिजूलखर्ची और सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए मुस्लिम समाज की रायीन बिरादरी ने कड़े फैसले लिए हैं। शादी में म्यूजिक बजा तो गांव और मस्जिद के इमाम निकाह नहीं पढ़ाएंगे।

इतना ही नहीं, दिन में होने वाली शादी में बरात शाम चार बजे तक नहीं पहुंची तो दूल्हा पक्ष पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। दहेज मांगने और लड़की पक्ष से मनपसंद खाने की फरमाइश करने पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

रविवार को गांव सैफ खां सराय स्थित सुलेमान शहीद दरगाह पर हुई पंचायत में बिरादरी के लोगों ने सर्वसम्मति से ये फैसले लिए। पंचायत में शादी समारोहों में बढ़ती फिजूलखर्ची और दिखावे को लेकर चर्चा हुई।

बिरादरी के लोगों ने कहा कि शादी में म्यूजिक सिस्टम बजाने की परंपरा बंद होनी चाहिए। पंचायत ने तय किया कि बिरादरी की जिस शादी में म्यूजिक बजता मिलेगा, उसमें गांव और मस्जिद के इमाम निकाह नहीं पढ़ाएंगे।

वहीं, दिन में होने वाली शादी में बरात को शाम चार बजे तक पहुंचाना अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया। निर्धारित समय तक बरात नहीं पहुंचने पर दूल्हा पक्ष पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की बात कही गई।

पंचायत में दहेज प्रथा पर अंकुश लगाने का भी निर्णय लिया गया। तय हुआ कि बिरादरी में शादी के लिए लड़की पक्ष से दहेज की मांग नहीं की जाएगी। लड़की पक्ष अपनी इच्छा से जो सामान देगा, उसका सार्वजनिक प्रदर्शन भी नहीं होगा।

इसके अलावा दूल्हा पक्ष लड़की वालों से मनपसंद भोजन बनवाने की मांग नहीं करेगा। पंचायत में यह भी निर्णय लिया शादी के अवसर पर गांव के लोगों को भट्टी की रोटी नहीं खिलाई जाएगी।

केवल बाहर से आने वाले रिश्तेदारों के लिए ही भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य शादी में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करना बताया गया।

पंचायत में केवल पाबंदियां लगाने तक ही चर्चा सीमित नहीं रही, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करने का भी निर्णय लिया गया।

बिरादरी के लोगों ने जरूरतमंद परिवारों की मदद करने पर सहमति जताई, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी बेटी की शादी में परेशानी न आए। पंचायत में फरमान, प्रधान मुल्ला खलील और हाजी बजर सहित बिरादरी के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- संभल में विकास की रफ्तार सुस्त: सांसद जियाउर्रहमान बर्क की निधि से 6.21 करोड़ का भुगतान, लेकिन जमीन पर पूरे हुए काम 'शून्य'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।