'शोले' स्टाइल में प्रेमिका की शादी का विरोध! संभल में मोबाइल टावर पर चढ़ा आशिक, 2 घंटे तक चला ड्रामा
प्रेमिका की शादी से नाराज एक युवक बोतल में पेट्रोल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे गांव में खलबली मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा और थाने ले गए।

टावर से उतरने के बाद युवक से बात करती पुलिस। जागरण
HighLights
प्रेमिका की शादी से नाराज युवक टावर पर चढ़ा।
पेट्रोल लेकर खुद को जलाने की धमकी दी।
पुलिस ने दो घंटे बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
जागरण संवाददाता, संभल। प्रेमिका की शादी से नाराज एक युवक बोतल में पेट्रोल लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर गांव में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी के प्रयास से युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
दबथरा हरलाल गांव निवासी मुकेश दबथरा हरकिशन गांव में लगे मोबाइल टावर पर पेट्रोल से भरी बोतल लेकर चढ़ गया था। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को डायल 112 के माध्यम से मिली। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी धीरज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गुन्नौर के पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा और नायब तहसीलदार प्रताप सिंह भी पहुंच गए।
एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी बुला ली गई। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे डायल 112 के माध्यम से युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की सूचना मिली थी। उसे काफी देर तक समझाया गया। करीब दो घंटे बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया।