तेंदुए की अफवाह का AI कनेक्शन: सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर फैलाई दहशत, फिर मांगनी पड़ी माफी
बबराला में एक किशोर ने AI की मदद से तेंदुए की फर्जी तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाई, जिससे दहशत ...और पढ़ें

एआई से बनाकर प्रसारित की गई तेंदुए की तस्वीर। इंटरनेट मीडिया
संवाद सूत्र, बबराला (संभल)। गुन्नौर तहसील क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए की आवाजाही को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। यारा फर्टिलाइजर के आसपास के गांव मेहुआहसनगंज और नगला काजी में तेंदुआ दिखाई देने के दावे के बाद वन विभाग ने तीन स्थानों पर पिंजरे लगाए हैं। इसी बीच रविवार की सुबह बबराला की लोहिया कालोनी में तेंदुआ दिखाई देने की अफवाह से एक बार फिर दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी तहसील के अधिकारियों को फोन पर दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि लोहिया कालोनी में रहने वाले किशोर ने एआई की मदद से तेंदुए का फोटो तैयार कर शरारत की थी। इस फोटो को कुछ लोगों ने बिना पुष्टि किए इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जिससे लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
बाद में बच्चे ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली। स्वजन ने भी उसे फटकार लगाई। फोटो को इंटरनेट मीडिया से भी हटवा दिया गया है। बिना पुष्टि के फोटो प्रसारित करने की लोगों ने कड़ी निंदा की।
हालांकि, क्षेत्र में वास्तविक तेंदुए की मौजूदगी की आशंका के चलते ग्रामीणों में अब भी डर बना हुआ है। तेंदुए के पकड़े जाने तक लोगों को खेतों और सुनसान रास्तों पर निकलने में डर रहे हैं। अभी तक तेंदुए के किसी व्यक्ति पर हमला करने की सूचना नहीं है।
वन विभाग के रेंजर बृजमोहन ने बताया कि लोहिया कालोनी में तेंदुआ दिखाई देने का मामला बच्चे की शरारत निकला। एआई से फोटो बनाकर प्रसारित किया गया था। बच्चे ने माफी मांग ली है और फोटो हटवा दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।