विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल की फैक्ट्री में दहशत फैलाने वाला तेंदुआ अब शिवालिक के जंगलों में लेगा खुली सांस, आज होगी रिहाई

By Digital DeskEdited By: Anshul Bhartariya
Published: Mon, 16 Nov 2026 10:31 PM (IST)

संभल की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में दहशत फैलाने वाले तेंदुए को अब सहारनपुर के शिवालिक जंगल में छोड़ा जाएगा। 22 ...और पढ़ें

पिंजरे में कैद तेंदुआ

पिंजरे में कैद तेंदुआ

HighLights

  1. 22 घंटे की जद्दोजहद के बाद पिंजरे में कैद हुआ था नर तेंदुआ, लखनऊ से मिली सहारनपुर के जंगल में छोड़ने की अनुमति

जागरण संवाददाता, संभल। यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री परिसर में दहशत का पर्याय बना नर तेंदुआ अब शिवालिक के जंगल में अपना नया ठिकाना बनाएगा। उसे सहारनपुर स्थित वन विभाग के शिवालिक जंगल में छोड़ने की अनुमति मिल गई है। मंगलवार को वन विभाग की टीम उसे प्राकृतिक आवास में रिहा करेगी।

फिलहाल तेंदुआ फैक्ट्री परिसर में ही एक कमरे में वन विभाग की निगरानी में रखा गया है। उसकी भूख मिटाने के लिए मुर्गे दिए जा रहे हैं। बबराला स्थित फैक्ट्री परिसर में शनिवार सुबह करीब सात बजे सिक्योरिटी गार्ड ने तेंदुए को देखा था। इसके बाद परिसर में दहशत फैल गई थी।

तेंदुआ आवासीय कालोनी की ओर गेस्टहाउस की पुलिया के नीचे पड़ी पाइपलाइन में जाकर छिप गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए जिलेभर से वन विभाग की टीमें बुलाई गईं।

रेस्क्यू के दौरान पाइपलाइन का एक सिरा बंद कर दूसरे सिरे पर जाल और पिंजरा लगाया गया। कैमरों के माध्यम से पाइपलाइन के अंदर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की गई। उसे बाहर निकालने के लिए पाइपलाइन में पानी का प्रेशर भी छोड़ा गया, लेकिन वह बाहर नहीं निकला था।

शनिवार सुबह से देर रात तक वन विभाग की टीमें उसे पकड़ने की जद्दोजहद में जुटी रहीं। आखिरकार रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। इस तरह उसे पकड़ने में करीब 22 घंटे लग गए थे।

रेंजर ब्रजमोहन ने बताया कि लखनऊ से तेंदुए को सहारनपुर के शिवालिक जंगल में छोड़ने की अनुमति मिल गई है। मंगलवार को उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। फिलहाल तेंदुए को फैक्ट्री परिसर में एक कमरे में सुरक्षित रखा गया है।

वन विभाग के कर्मचारी उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। इसके लिए तीन-तीन कर्मचारियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जंगल में छोड़े जाने तक उसकी देखभाल की जा सके। उसे भोजन के रूप में मुर्गे दिए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- संभल में विकास की रफ्तार सुस्त: सांसद जियाउर्रहमान बर्क की निधि से 6.21 करोड़ का भुगतान, लेकिन जमीन पर पूरे हुए काम 'शून्य'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।