विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल में हरिहर पदयात्रा के एलान पर गरमाई सियासत, सांसद बर्क और पूर्व जिलाध्यक्ष हुए मुखर

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:08 AM (GMT+05:30)

संभल में शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को लेकर 19 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)

संभल से सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क। (तस्वीर- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. संभल में हरिहर पदयात्रा को लेकर सियासी बयानबाजी तेज।

  2. सपा सांसद बर्क ने पदयात्रा आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की।

  3. पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने जवाबी यात्रा की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, संभल। शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर के विवाद को लेकर 19 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा के एलान के बाद संभल में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

कैला देवी धाम के महंत ऋषिराजगिरी की ओर से हरिहर मंदिर मुक्ति अभियान के तहत शाही जामा मस्जिद तक पदयात्रा निकालने की घोषणा पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है।

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इसे माहौल खराब करने वाला कदम बताते हुए आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने चेतावनी दी है कि यदि पदयात्रा निकाली गई तो वह भी दूसरी यात्रा निकालेंगे।

सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि धार्मिक स्थलों को लेकर इस तरह की गतिविधियां करना गलत है। किसी को भी दूसरे धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और कानून को चुनौती देने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ताकि प्रदेश और देश का माहौल खराब न हो।

सोशल मीडिया पर पदयात्रा को लेकर किए जा रहे आह्वान और पोस्टों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। सांसद ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करना अलग बात है, लेकिन संवेदनशील धार्मिक मुद्दों को लेकर इस तरह की गतिविधियां करना कानून को चुनौती देने जैसा है। कोई भी व्यक्ति संविधान और कानून से बड़ा नहीं है।

उन्होंने प्रशासन से बिना देरी कार्रवाई करने की अपील की। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने भी पदयात्रा के एलान पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पदयात्रा से सम्भल का माहौल बिगड़ सकता है। यदि पदयात्रा निकाली गई तो वह भी दूसरी यात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर जिम्मेदारी से काम लेने की जरूरत है।

दरअसल, 19 नवंबर 2024 को कैला देवी धाम के महंत ऋषिराजगिरी और अन्य की ओर से शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए न्यायालय में वाद दायर किया गया था। इसी तारीख के दो वर्ष पूरे होने पर महंत ऋषिराजगिरी ने 19 नवंबर 2026 को हरिहर मंदिर मुक्ति अभियान के तहत पदयात्रा निकालने का एलान किया है।

यह भी पढ़ें- संभल में विकास की रफ्तार सुस्त: सांसद जियाउर्रहमान बर्क की निधि से 6.21 करोड़ का भुगतान, लेकिन जमीन पर पूरे हुए काम 'शून्य'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।