विवादों के बीच संभल में 'हरिहर मंदिर पदयात्रा' का ऐलान; पुलिस की नाकाबंदी, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात
संभल में जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को लेकर आज कैलादेवी धाम से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का ...और पढ़ें

संभल में पुलिस बल के साथ पैदल मार्च करते एसपी विकास चंद्र व सीओ कुलदीप कुमार। सौ. पुलिस विभाग
HighLights
अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कैलादेवी धाम से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने को जुटे साधु-संत और ग्रामीण
संवाद सहयोगी, संभल। जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर प्रकरण को लेकर एक बार फिर संभल का माहौल गरमाया हुआ है। आज गुरुवार को कैलादेवी धाम से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने पदयात्रा की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी ने भी पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना के संस्थापक, जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर के पक्षकार व कैलादेवी धाम के महंत ऋषिराज गिरी महाराज ने इस पदयात्रा का ऐलान किया है। इसकी जानकारी के बाद से ही पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है।
किसी भी तरह की अव्यवस्था और कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। हालांकि शांति व्यवस्था बनाए रखने और कोई भी माहौल खराब न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी गई है।
इसके बावजूद प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर प्रशासन किसी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। कैलादेवी धाम से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों और हरिहर मंदिर के आसपास पुलिस की निगरानी रहेगी। एसपी ने बुधवार को पैदल मार्च किया।
साथ ही जगह-जगह पुलिस बल तैनात करने के साथ ही अधिकारियों को भी लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर अराजक तत्वों द्वारा प्रसारित की जाने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार मानिटरिंग की जा रही है।
मालूम हो कि है कि 19 नवंबर 2024 को संभल की जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर का दावा न्यायालय में किया गया था। उसी दिन देर शाम को सर्वे के लिए एडवोकेट कमीश्नर भी जामा मस्जिद पहुंचे थे, लेकिन वहां भीड़ को देखते हुए बिना सर्वे के ही टीम वापस लौट गई थी।
इसके बाद 24 नवंबर 2024 को सर्वे हुआ, जिसमें हिंसा भड़की थी। तभी से यह प्रकरण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब इसी मामले को लेकर हरिहर मंदिर मुक्ति की मांग के साथ पदयात्रा का ऐलान किया गया है।
जामा मस्जिद के सदर बोले-माहौल बिगाड़ने का प्रयास
हिंसा में जेल काटने वाले जामा मस्जिद के सदर जफर अली का भी एक बयान इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। जिसमें वह पदयात्रा के बारे में कह रहे हैं कि इस तरह के आयोजन से माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जो, निंदनीय है। इससे पहले सांसद जियाउर्रहमान बर्क, पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां, आइएमआइएमआइ के नेता शकील आदि लोग विरोध कर चुके हैं।
पिछले साल भी पदयात्रा निकालने का प्रयास किया गया था मगर, रोक दिया गया था। इस बार भी ऐसा ही किया जाएगा। बिना अनुमति के ऐसा कोई भी आयोजन नहीं होने दिया जाएगा।
- विकास चंद्र त्रिपाठी, एसपी, संभल।
पदयात्रा को लेकर कोई अनुमति नहीं दी गई है। हालांकि पूरे मामले की निगरानी की जा रही है। सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
- विकास चंद्र, एसडीएम संभल
यह भी पढ़ें- संभल में गरमाया माहौल: सपा सांसद बर्क के विरोध के बीच बुर्का पहनकर 'हरिहर मंदिर पदयात्रा' में शामिल होंगी तमन्ना मलिक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।