संभल में बिना अनुमति हो रहे मस्जिद के नवनिर्माण पर चला बुलडोजर, 4 थानों की पुलिस और RRF तैनात
संभल के ऐंचौड़ा कंबोह स्थित कुतुबपुर सकता गांव में बिना अनुमति बन रही मस्जिद के नवनिर्माण पर प्रशासन ने बुलडोजर ...और पढ़ें

अवैध मस्जिद की दीवार को ध्वस्त करता बुलडोजर
HighLights
ऐंचौड़ा कंबोह के गांव कुतुबपुर सकता में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन कर रहा है कार्रवाई
जागरण संवाददाता, संभल। ऐंचौड़ा कंबोह के गांव कुतुबपुर सकता में बिना अनुमति किए गए मस्जिद के नवनिर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम भूमि की पैमाइश कराने के बाद अवैध निर्माण को ध्वस्त करा रही है। मौके पर चार थानों की पुलिस के साथ पीएसी और आरआरएफ के जवान तैनात हैं।
गांव कुतुबपुर सकता में गाटा संख्या 57क की कुल 3.637 हेक्टेयर भूमि के आंशिक हिस्से पर मस्जिद का नवनिर्माण कराया जा रहा था। सरकारी अभिलेखों में निर्माण का क्षेत्रफल करीब 130 से 150 वर्ग मीटर दर्ज है।
मामले की जांच के दौरान 23 और 24 अक्टूबर को वक्फ संख्या 81 (वक्फ मस्जिद करीम) के मुतवल्ली मोहम्मद इरशाद को नोटिस जारी कर 28 अक्टूबर को अभिलेखों के साथ पक्ष रखने के लिए बुलाया गया था।

इस दिन उनके प्रतिनिधियों ने दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा। इसके बाद दो नवंबर की तारीख निर्धारित की गई। दो नवंबर को मुतवल्ली ने खतौनी, वक्फ बोर्ड में मस्जिद के पंजीकरण का प्रमाण पत्र और तौलियत प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया।
मगर, नवनिर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ अथवा स्थानीय प्रशासन से जारी अनुमति का कोई आदेश नहीं दिखा सके।
इसके बाद चार नवंबर को सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने एसडीएम संभल को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा। छह नवंबर को एसडीएम विकास चंद्र ने तहसीलदार को ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए।
तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने कार्रवाई के लिए 18 सदस्यीय राजस्व टीम गठित की थी। नायब तहसीलदार अरविंद कुमार को टीम प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा बीडीओ असमोली को 20 सफाईकर्मियों और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को मनरेगा मजदूरों की व्यवस्था करने को कहा गया है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें- संभल में बदला गरीबों का संबल: 70 हजार महिलाओं को रोजगार, 2.24 लाख को सिलेंडर; फिर भी संघर्ष जारी