विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 घंंटे की दहशत खत्म: संभल की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में पकड़ा तेंदुआ, जंगल में छोड़ने की मांगी अनुमति

By Sorav PrajapatiEdited By: Abhishek Saxena
Published: Sun, 15 Nov 2026 10:01 AM (IST)

संभल की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में 22 घंटे की मशक्कत के बाद एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। वन ...और पढ़ें

पिंजरे में फंसा तेंदुआ।

पिंजरे में फंसा तेंदुआ।

HighLights

  1. यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में 22 घंटे बाद तेंदुआ पकड़ा गया

  2. वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पिंजरे में कैद किया

  3. तेंदुए को जंगल में छोड़ने की अनुमति लखनऊ से मांगी

जागरण संवाददाता, संभल। यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री परिसर में 22 घंटे तक दहशत का पर्याय बना रहा तेंदुआ आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया। शनिवार सुबह सात बजे सिक्योरिटी गार्ड ने उसे परिसर में देखा था। इसके बाद शुरू हुई वन विभाग की जद्दोजहद रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सफल हुई। तेंदुए के पिंजरे में फंसते ही वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। फिलहाल उसे वन विभाग की निगरानी में फैक्ट्री परिसर में ही सुरक्षित रखा गया है।

बबराला स्थित यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री परिसर में शनिवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड गाड़ी से निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया।

इसकी सूचना तत्काल अधिकारियों को दी गई। तेंदुआ आवासीय कॉलोनी की ओर गेस्टहाउस की पुलिया के नीचे पड़ी पाइपलाइन में जाकर छिप गया था।

गेस्टहाउस की पुलिया के नीचे पाइपलाइन में दुबका रहा

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए जिलेभर से वन विभाग की टीमें बुलाई गईं। रेस्क्यू के दौरान पाइपलाइन का एक सिरा बंद कर दूसरे सिरे पर जाल और पिंजरा लगाया गया। वन विभाग की टीम ने कैमरों के माध्यम से पाइपलाइन के अंदर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की। उसे बाहर निकालने के लिए पाइपलाइन में पानी का प्रेशर भी छोड़ा गया, लेकिन वह बाहर नहीं निकला। शनिवार सुबह से देर रात तक टीमों की जद्दोजहद जारी रही। आखिरकार रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेंदुआ पिंजरे में फंस गया।

स्कूल की छुट्टी, कर्मचारियों की आवाजाही पर लगाई थी रोक

तेंदुए की मौजूदगी से फैक्ट्री परिसर में दहशत का माहौल बन गया था। सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों की आवाजाही रोक दी गई थी। परिसर स्थित विद्यालय में भी बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टी कर दी गई थी। स्कूल में सुबह 8:30 बजे से हजारों छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। ऐसे में अभिभावकों को ग्रुप के माध्यम से सूचना भेजकर बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की हिदायत दी गई थी।

यह भी पढ़ें- संभल की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में घुसा तेंदुआ, दहशत में स्कूल की छुट्टी

लखनऊ से मांगी जंगल में छोड़ने की अनुमति

रेंजर बृजमोहन ने बताया कि तेंदुए को फिलहाल फैक्ट्री परिसर में वन विभाग की निगरानी में रखा गया है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा। तेंदुए को किस जंगल में छोड़ा जाना है, इसके लिए लखनऊ से अनुमति मांगी जा रही है। अनुमति मिलने के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।