विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संभल की टाटा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में घुसा तेंदुआ, दहशत में स्कूल की छुट्टी

By Sorav PrajapatiEdited By: Abhishek Saxena
Published: Sat, 14 Nov 2026 10:19 AM (GMT+05:30)

संभल के बबराला स्थित टाटा फर्टिलाइजर फैक्ट्री परिसर में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद स्कूल की छुट्टी कर दी गई और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. टाटा फर्टिलाइजर फैक्ट्री परिसर में सुबह तेंदुआ देखा गया।

  2. दहशत के कारण स्कूल की छुट्टी, कर्मचारियों को अलर्ट किया गया।

  3. वन विभाग तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाकर तलाश कर रहा।

जागरण संवाददाता, संभल। बबराला स्थित टाटा फर्टिलाइजर फैक्ट्री के परिसर में शनिवार सुबह तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सिक्योरिटी गार्ड ने गाड़ी से कैंपस में आवाजाही के दौरान तेंदुए को जाते हुए देखा। इसके बाद पूरे परिसर में अलर्ट जारी कर दिया गया। सुरक्षा कर्मियों समेत कर्मचारियों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई। इस बीच तेंदुए की मौजूदगी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

शनिवार सुबह करीब सात बजे सिक्योरिटी गार्ड गाड़ी से कैंपस में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए को देखकर सुरक्षा कर्मियों में खलबली मच गई। आनन-फानन में पूरे परिसर में सूचना प्रसारित कर लोगों को सतर्क किया गया। तेंदुए की चहल-पहल के चलते कैंपस में सन्नाटा पसरा रहा।

टाटा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में घुसा तेंदुआ, स्कूल की छुट्टी, दहशत में कर्मचारी

गनीमत रही कि फैक्ट्री परिसर स्थित विद्यालय में सुबह 8:30 बजे से हजारों छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। इससे पहले ही जिम्मेदारों ने अभिभावकों को ग्रुप के माध्यम से सूचना भेजकर बच्चों को विद्यालय नहीं भेजने की हिदायत दी। इसके चलते शनिवार को विद्यालय में छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी गई।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक आनंद स्वरूप का कहना है कि फिलहाल विद्यालय की छुट्टी कर दी गई है। उधर वन विभाग के रेंजर बृजमोहन का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए गए हैं। टीम मौके पर भेजी गई है।

तीन महीने से तेंदुए की चहल-पहल से सहमे लोग

गुन्नौर तहसील क्षेत्र में पिछले करीब तीन महीने से अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से लोग दहशत में हैं। बीते महीने बबराला थाना क्षेत्र के गांव मेउआ हसनगंज के पास भी तेंदुए का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसमें तेंदुआ जंगल की ओर जाता दिखाई दिया था। इससे पहले गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगावास के जंगल और नरौरा-राजघाट गंगा घाट किनारे बने मार्ग पर भी तेंदुए की मौजूदगी के वीडियो सामने आए थे। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर पिंजरे लगाए, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। अब टाटा फर्टिलाइजर के कैंपस में तेंदुआ दिखाई देने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- संभल की ऐतिहासिक 24 कोसीय परिक्रमा शुरू: 68 तीर्थ और 19 कूपों के दर्शन के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।