विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

100 करोड़ के फर्जी बीमा घोटाले का पर्दाफाश करने वाली IPS अनुकृति शर्मा को मिलेगा 'केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक'

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:13 PM (IST)

IPS अनुकृति शर्मा को 100 करोड़ रुपये से अधिक के अंतरराज्यीय फर्जी बीमा घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए 2026 के केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा।

तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा

तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा

HighLights

  1. 12 राज्यों में फैले गिरोह का किया था पर्दाफाश, पुलिसिंग के नए प्रयोगों से भी बनाई पहचान

जागरण संवाददाता, बहजोई (संभल)। जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक के अंतरराज्यीय फर्जी बीमा घोटाले का पर्दाफाश कर अपराधियों के नेटवर्क को बेनकाब करने वालीं संभल की तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अनुकृति शर्मा को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 31 अक्टूबर को देशभर के 490 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के लिए इस सम्मान की घोषणा की है। 2020 बैच की आईपीएस अनुकृति शर्मा की इस उपलब्धि का सीधा जुड़ाव संभल से है।

यहां एएसपी दक्षिणी रहते हुए उन्होंने अपनी सूझबूझ और वैज्ञानिक विवेचना से एक ऐसे गिरोह की परतें खोलीं, जिसका नेटवर्क देश के 12 राज्यों तक फैला था।

इस बड़े मामले की शुरुआत 17 जनवरी 2025 को रजपुरा क्षेत्र में संदिग्ध वाहन की चेकिंग के दौरान हुई थी। पुलिस ने वाहन से 11.45 लाख रुपये नकद, 19 एटीएम कार्ड और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए थे।

जांच में एक मोबाइल फोन से एक लाख से अधिक तस्वीरें और करीब 30 हजार दस्तावेज मिलने के बाद ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। गिरोह के सदस्य गंभीर रूप से बीमार लोगों के नाम पर बीमा पाॅलिसियां कराते थे।

फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कर बीमा क्लेम हासिल करते थे और कुछ मामलों में हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश भी सामने आई। जांच में बीमा एजेंटों, बैंककर्मियों और दस्तावेज तैयार करने वाले लोगों की भूमिका भी उजागर हुई थी।

संभल समेत पांच जिलों में 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हुए और अब तक 74 आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। अनुकृति शर्मा ने पुलिस और आमजन के बीच भरोसा बढ़ाने के लिए 'पुलिस माई फ्रेंड' अभियान शुरू किया।

जिले के सभी 15 थानों में माताओं और बच्चों की सुविधा के लिए क्रेच की व्यवस्था कराई। इन पहलों के लिए उन्हें डीजी प्रशंसा चिह्न (सिल्वर मेडल) भी मिल चुका है। वर्तमान में वह गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात हैं।

यह भी पढ़ें- UP Chunav: 'मांग पूरी नहीं तो वोट नहीं!' संभल के 23 गांवों का बड़ा फैसला, विस चुनाव बहिष्कार की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।