विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी सब्सिडी और तकनीक भी, खेती संग मछली पालन से बढ़ रही किसानों की आमदनी; यूपी का संभल बना नया हब

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:20 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 21 Nov 2026 09:26 AM (GMT+05:30)

सरकारी अनुदान और तकनीकी सहायता से खेती के साथ मत्स्य पालन किसानों की आय बढ़ा रहा है। संभल जिले में मछली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे कई किसानों को लाखों का शुद्ध लाभ हुआ है।

तालाब में मछलियां डालता युवक।

तालाब में मछलियां डालता युवक।

HighLights

  1. मत्स्य पालन से किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।

  2. सरकारी अनुदान और तकनीकी सहायता से उत्पादन बढ़ा।

  3. संभल जिले में मछली उत्पादन में 1429 टन की वृद्धि।

संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। खेती के साथ मत्स्य पालन किसानों के लिए आमदनी बढ़ाने का अतिरिक्त जरिया बन रहा है। सरकारी अनुदान और तकनीकी सहायता से किसान तालाबों में मछली पालन अपनाकर उत्पादन बढ़ा रहे हैं। विश्व मत्स्य दिवस पर इस बार युवाओं और महिलाओं के लिए मत्स्य पालन और जलीय कृषि में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। जनपद में करीब 750 किसान मत्स्य पालन से जुड़े हैं और लगभग 550 तालाब सक्रिय हैं।
मत्स्य अधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 4670.72 टन मछली उत्पादन हुआ था, जो 2025-26 में बढ़कर 6100.17 टन पहुंच गया। इस तरह एक साल में 1429.45 टन की वृद्धि दर्ज की गई।   

एक साल में 1429 टन बढ़ा मछली उत्पादन

मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं में 17 लाभार्थियों को कुल 19 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। वर्ष 2026-27 में शुरू मोती संवर्धन योजना से भी एक लाभार्थी को सहायता मिली है। पंवासा और असमोली के किसानों ने योजनाओं का लाभ लेकर मत्स्य पालन को कमाई का जरिया बनाया है।

बायोफ्लाक तकनीक से पांच टन मछली उत्पादन, 3.36 लाख का लाभ

पंवासा के गांव चिरौली भगवंतपुर निवासी नौरंगी सिंह परिवार के भरण-पोषण के लिए खेती करते थे। मत्स्य विभाग से संपर्क कर उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 0.100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बायोफ्लाक तालाब तैयार कराया। इसके लिए उन्हें 5.60 लाख रुपये का अनुदान मिला। उन्होंने तालाब में पंगेशियस मछली की आठ हजार मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय किया। इससे उन्हें करीब पांच हजार किग्रा मछली का उत्पादन मिला। उन्हें लगभग 3.36 लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।

एक हेक्टेयर तालाब में 6.5 टन मछली उत्पादन, चार लाख का लाभ

असमोली के गांव नगला नीडर निवासी नरोत्तम सिंह भी खेती करते थे। उन्होंने योजना के तहत अपनी निजी भूमि पर एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में तालाब का निर्माण कराया। इसके लिए उन्हें 4.40 लाख रुपये का अनुदान मिला। उन्होंने तालाब में भारतीय मेजर कॉर्प की 15 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय किया। इससे करीब 6500 किग्रा मछली का उत्पादन प्राप्त हुआ। उन्हें लगभग चार लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।

यह भी पढ़ें- मछली पालन का नया हब बनेगा मुंगेर, 195 जलक्षेत्र बनेंगे वेटलैंड क्लस्टर; मछुआरों की बढ़ेगी कमाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।