बरात नहीं आई तो रात भर रोती रही दुल्हन, संभल में दो लाख रुपये के लिए दूल्हे का शादी से इनकार
संभल में निकाह से चार घंटे पहले दूल्हे के पिता ने दो लाख रुपये दहेज की मांग की, जिससे बारात आने से इनकार कर दिया गया और शादी टूट गई।

HighLights
निकाह से पहले दूल्हे के पिता ने दहेज मांगा।
दो लाख रुपये न मिलने पर बारात लाने से इनकार।
दुल्हन के अरमान टूटे, पुलिस में शिकायत दर्ज।
जागरण संवाददाता, संभल। घर में शादी की खुशियां थीं, मेहमानों की चहल-पहल थी और बेटी को दुल्हन बनाकर विदा करने की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। हाथों में मेहंदी रची थी और आंखें बरात के आने का इंतजार कर रही थीं।
तभी निकाह से महज चार घंटे पहले आए एक फोन ने सारी खुशियों पर पानी फेर दिया। आरोप है कि दूल्हे के पिता ने बकाया दो लाख रुपये दहेज की मांग रख दी। रकम नहीं मिलने पर बरात लाने से इन्कार कर दिया। जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां खुशियों की जगह मायूसी छा गई।
शादी की तैयारियां धरी रह गईं और दुल्हन के अरमान टूट गए और वह रात भर रोती रही। मामला चर्चा में आने के बाद गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों ने दूल्हा पक्ष को बातचीत के लिए मेरठ से मोहम्मदपुर टांडा बुलाया। गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई।
पंचायत से भी नहीं निकला कोई नतीजा
काफी देर तक बातचीत चली, लेकिन देर शाम तक कोई नतीजा नहीं निकल सका। गांव के जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास कर रहे हैं। मामला चंदौसी रोड स्थित गांव मोहम्मदपुर टांडा का है। गांव निवासी शानिया का निकाह मेरठ के फिटकरी गांव निवासी आकिब के साथ तय हुआ था।
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग की थी। इसमें तीन लाख रुपये दिए जा चुके थे। बुधवार को निकाह होना था। इसी बीच निकाह से करीब चार घंटे पहले दूल्हे के पिता सालिम ने फोन कर बाकी दो लाख रुपये की मांग कर दी।
रकम नहीं मिलने पर बरात लेकर आने से इन्कार कर दिया। दुल्हन पक्ष ने काफी मिन्नतें कीं, लेकिन दूल्हा बरात लेकर नहीं पहुंचा। बेटी की शादी का सपना संजोए बैठी मां अफरोज के सामने अचानक मुश्किल खड़ी हो गई। शादी में आए मेहमान भी इस घटनाक्रम से हैरान रह गए।
इसके बाद अफरोज ने दूल्हे आकिब और उसके पिता सालिम के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मोहित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई जा रही है, जिससे आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकल सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।