'मेरा दर्द तुम न समझ सके...' गजल की तरह अकेली रही जिंदगी, मौत पर अपनों ने शव लेने से भी किया इन्कार
बबराला रेलवे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति प्रमोद का शव मिला, जिसके माता-पिता नहीं थे और उसने अपना घर भी ...और पढ़ें

बबराला के रेलवे स्टेशन परिसर में कंबल से ढका प्रमोद का शव। जागरण
HighLights
बबराला रेलवे स्टेशन के बाहर पेड़ के नीचे मिला प्रमोद का शव, स्वजन ने पहचानने और अपना मानने से किया इन्कार
जागरण संवाददाता, बबराला (संभल)। मेरा दर्द तुम न समझ सके, मुझे सख्त इसका मलाल है...। बबराला रेलवे स्टेशन के बाहर पेड़ के नीचे मिले व्यक्ति के शव की कहानी अताउल्लाह खान की गजल की पंक्तियों को हकीकत में बदलती नजर आई। कभी उसका भी कोई घर रहा होगा, रिश्ते रहे होंगे, अपनों के बीच उसकी भी कोई पहचान रही होगी।
मगर, वक्त ने ऐसी करवट बदला कि जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर वह बिल्कुल अकेला रह गया। मौत आई तो सिरहाने कोई अपना नहीं था और जब पुलिस ने अपनों तक खबर पहुंचाई तो उन्होंने शव को अपना मानने से ही इन्कार कर दिया।
शनिवार दोपहर करीब दो बजे स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर थानाध्यक्ष बबराला लवनीश चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
स्टेशन परिसर की बाउंड्री के अंदर पेड़ के नीचे व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने उसकी पहचान प्रमोद उर्फ गेमचा निवासी बबराला के रूप में की। जांच में पता चला कि प्रमोद के माता-पिता नहीं थे। वह अपना घर भी बेच चुका था।
लंबे समय से रेलवे स्टेशन के आसपास इधर-उधर घूमता रहता था। हैरानी और पीड़ा की बात यह रही कि नगर में उसके स्वजन रहते हैं, लेकिन पुलिस के संपर्क करने पर उन्होंने शव को अपना मानने से ही इन्कार कर दिया।
उसकी मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। इस घटना ने कई सवाल छोड़ दिए हैं। जिस व्यक्ति ने कभी इसी दुनिया में अपनों के साथ हंसते-बोलते जीवन बिताया होगा, वह इतना अकेला कैसे हो गया कि मौत के बाद उसकी पहचान स्वीकार करने वाला भी कोई नहीं रहा।
जिंदगी की तकलीफों ने उसे कितना तोड़ा होगा, यह तो वही जानता था, लेकिन मौत के बाद अपनों के इन्कार ने उसकी कहानी को और भी दर्दनाक बना दिया।
यह भी पढ़ें- संभल में भगवान श्री कल्कि के जयकारों के बीच शुरू हुई 24 कोसीय परिक्रमा, हजारों श्रद्धालु पहुंचे
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।