संभल हिंसा की जांच करने वाले CO कुलदीप कुमार का मुरादाबाद तबादला, वीरता पदक से सम्मानित
संभल हिंसा की जांच में अहम भूमिका निभाने वाले सीओ कुलदीप कुमार का मुरादाबाद तबादला हो गया है, उनकी जगह आजमगढ़ के शुभम तोदी संभल के नए सीओ होंगे।

संभल हिंसा की जांच करने वाले सीओ कुलदीप कुमार की फाइल फोटो। (सोर्स- जागरण)
HighLights
सीओ कुलदीप कुमार का संभल से मुरादाबाद तबादला।
संभल हिंसा के 12 मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की।
अंतरराष्ट्रीय एथलीट और वीरता पदक विजेता पुलिस अधिकारी।
जागरण संवाददाता, संभल। संभल हिंसा की जांच में अहम भूमिका निभाने वाले सीओ कुलदीप कुमार का मुरादाबाद तबादला हुआ है। उनकी जगह आजमगढ़ में सीओ सिटी रहे शुभम तोदी को संभल भेजा गया है।
24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद 27 नवंबर 2024 को संभल में तैनात हुए कुलदीप कुमार को जांच के लिए गठित एसआइटी का प्रभारी बनाया गया था। उनके सुपरविजन में हिंसा से जुड़े 12 मुकदमों में चार्जशीट दाखिल हुई। वह इन मामलों की पैरवी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अक्टूबर 2026 को उन्हें वीरता पदक प्रदान किया था। वर्ष 2019 में बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में 15 लाख रुपये की लूट के बाद बदमाशों से मुठभेड़ में उन्होंने साहस दिखाया था। इस दौरान बदमाशों की गोली से ज्वैलर्स के मुंशी घायल हुए थे।
इसी कार्रवाई के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। पुलिस सेवा से पहले कुलदीप कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट थे। वर्ष 2000 में आल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप की पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।
राष्ट्रीय खेलों में 1500 मीटर दौड़ का रजत पदक, बुसान एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व और ईरान की इंडोर एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक उनके नाम रहा। वर्ष 2000 से 2006 तक वह पांच हजार मीटर में चैंपियन रहे और जूनियर-सीनियर राष्ट्रीय स्पर्धाओं में 25 स्वर्ण पदक जीते।