विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरैना ही नहीं, यूपी के इस शहर की गजक के दीवाने हैं सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया तक के लोग, 4 महीने में होता है 2 करोड़ का कारोबार

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:05 PM (IST)

चंदौसी की गजक अपनी अनूठी पहचान के कारण दूर-दूर तक प्रसिद्ध है, जिसकी मांग विदेशों तक है। यह चार महीने के सीजन में डेढ़ से दो करोड़ का कारोबार करती है और सैकड़ों लोगों को रोजगार देती है।

एआई इमेज

एआई इमेज

जागरण संवाददाता, चंदौसी (संभल)। जाड़ों के दिन हो तो तमाम लोगों को मिठाई के रूप में गजक ही भाती है। मध्यप्रदेश के मुरैना की गजक की तरह चंदौसी की गजक भी दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। यह आसपास के जिलों में भी जाती है तो विदेश में रहने वाले लोग भी अपने रिश्तेदारों के यहां आने पर यहां से गजक जरूर लेकर जाते हैं।

यहां गजक की करीब 20-25 वैरायटी बनती हैं। सीजन अक्टूबर से फरवरी तक होता है। इससे जहां करीब 150-200 लोगों को रोजगार मिल रहा है तो वहीं इन महीनों में करीब डेढ़ से दो करोड़ का कारोबार भी हो जाता है।

चंदौसी में कुछ लोग गजक का कारोबार छह दशकों से कर रहे हैं। यहां छोटी-बड़ी करीब 15 दुकानें हैं जहां गजक बनाई जाती है। फब्बारा चौक पर गजक की दुकान के संचालक संदीप अग्रवाल बताते हैं कि 1960 में उनके बहनोई के पिता राजेद्र अग्रवाल ने यह काम शुरू किया था।

करीब 66 साल इस कारोबार को हो गए। तीन-चार कारीगर यहां काम करते हैं। गुड़, चीनी और मूंगफली वाली गजक का दाम 350 रुपये और मावा वाली का 400 रुपये किलो है।

विवेक यादव बताते हैं कि उनका परिवार करीब 70 साल से इस काम में हैं। वह तीसरी पीढ़ी के हैं। पहले गजक कई प्रदेशों तक जाती थी लेकिन महंगाई ने इसे सीमित कर दिया है।

हालांकि उत्तराखंड के कई जिलों में यह अब भी जाती है। दुकानदारों के अनुसार, गजक बनाने वाली लेबर लोकल ही है, जिससे उन्हें रोजगार भी मिल रहा है।

चीनी और ड्राई फ्रूट के दाम ने बढ़वा दिए दाम

पिछले कुछ महीनों में चीनी और ड्राई फ्रूट के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई है तो तिल के दाम भी बढ़े हैं। ऐसे में दुकानदारों को भी दाम बढ़ाने पड़े हैं। हालांकि गजक के शौकीन इसे अभी भी खरीद रहे हैं।

आशा ने बताया कि उनके रिश्तेदार सिंगापुर में रहते हैं। वह जब भी यहां आते हैं तो यहां से गजक जरूर लेकर जाते हैं। मीनू शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी आस्ट्रेलिया में है। यहां आने पर मावे वाले आइटम जरूर लेकर जाती है।

 

तिल की तासीर गर्म मानी जाती है, जिस लिहाज से सर्दियों में यह फायदेमंद होता है। इसके अलावा तिल में ओमेगा -6 और ओमेगा -9 भी पाया जाता है जो दिल के लिए लाभकारी है। चूंकि गजक तिल की बनती है, इसलिए यह सर्दियों में लाभप्रद मानी जाती है। शुगर के मरीज भी यदि सीमित मात्रा में डाक्टर की सलाह के अनुसार लेते हैं तो उन्हें भी यह नुकसान नहीं करेगी।

- डाॅ. पयोध चौधरी, वरिष्ठ फिजिशियन।


यह भी पढ़ें- संभल में हरिहर मंदिर पदयात्रा में हंगामा: महंत ऋषिराज गिरी के समर्थकों ने तोड़े बैरियर, धक्का-मुक्की में गिरे पुलिसकर्मी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।