चंदौसी में दर्दनाक हादसा: ट्यूशन जा रहे 7वीं के छात्र को ट्रैक्टर-ट्राली ने रौंदा, मुरादाबाद ले जाते समय मौत
चंदौसी में ट्यूशन जा रहे 12 वर्षीय छात्र अधिराज की ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से ...और पढ़ें

मृतक अधिराज की फाइल फोटो
HighLights
संभल के बनियाठेर थाना क्षेत्र के पुराने बाइपास मंडी समिति रोड पर हुआ हादसा
संवाद सहयाेगी, चंदौसी (संभल)। पुराना बाइपास मंडी रोड पर बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रहे 12 वर्षीय किशोर को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मुरादाबाद उपचार को ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला प्रगति विहार निवासी संजय चौधरी का बेटा अधिराज नगर के सेक्रेट हार्ट कान्वेंट स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता था, जो बुधवार दोपहर साइकिल पर सवार होकर ट्यूशन के लिए निकला था।
जब वह मंडी समिति रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज गति ट्रैक्टर ट्राली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पास ही एक दुकान पर मौजूद मां रितु दौड़कर मौके पर पहुंचीं और राहगीरों की मदद से घायल बेटे को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताते हैं कि मुरादाबाद ले जाते समय उसकी मौत हो गई। अधिराज दो भाइयों में सबसे छोटा था।
उसके पिता संजय बदायूं जनपद में डायल 112 में तैनात हैं, जबकि मां रितु पुराने बाइपास रोड पर कास्मेटिक की दुकान चलाती हैं। एसओ बोबिंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में किशोर की मौत हुई है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की रही है।