Census 2027: मोबाइल चलाना नहीं आता तो न हों परेशान, जानें बिना इंटरनेट वालों की कैसे होगी जनगणना; समझें पूरा नियम
जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया में दूसरे दिन तक 4,732 परिवारों ने डिजिटल फॉर्म भरे, जिसमें 40 सवालों के जवाब देने पर विशिष्ट आईडी मिलती है।

एआई इमेज
HighLights
स्वगणना के दूसरे दिन 4,732 परिवारों ने भरे डिजिटल फार्म, 40 सवालों के जवाब देने के बाद मिलेगी विशिष्ट आईडी
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। जनगणना-2027 में इस बार 16 नवंबर से शुरू हुई स्वगणना की प्रक्रिया में जिले में दूसरे दिन शाम छह बजे तक 4,732 परिवारों ने डिजिटल फार्म भर दिए थे। हालांकि, पहले दिन वेबसाइट और पोर्टल ठीक से काम नहीं करने के कारण लोगों को परेशानी हुई, लेकिन अगले दिन स्थिति सामान्य हो गई।
स्वगणना के दौरान लोगों को सबसे पहले पोर्टल पर जाकर प्रदेश और भाषा का चयन करना होता है। तत्पश्चात मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। अगर पहले चरण की जनगणना का मोबाइल नंबर है तो उसे ही करें अन्यथा दूसरे मोबाइल नंबर का प्रयोग करें।
इसके बाद मकान की मैपिंग कर परिवार से संबंधित 40 सवालों के जवाब दर्ज करने होते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर विशिष्ट आइडी जारी होती है। शुरुआती स्तर पर गूगल मैप के माध्यम से अपने मकान की लोकेशन चुनने और प्रक्रिया को समझने में कुछ लोगों को समय लग रहा है।

मगर, सवालों के जवाब देने में विशेष परेशानी सामने नहीं आई है। खास बात यह है कि जो लोग निरक्षर हैं या मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर पाते, उन्हें यह प्रक्रिया अनिवार्य नहीं है।
जिला प्रशासन के अनुसार, ऐसे लोग अपने परिवार के शिक्षित सदस्य की मदद से स्वगणना कर सकते हैं। यदि यह संभव नहीं है तो उन्हें खुद डिजिटल फार्म भरने की जरूरत नहीं होगी।
एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों का विवरण दर्ज करेंगे और स्वगणना के माध्यम से दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान पलायन कर चुके परिवारों, बाहर से आकर बसे लोगों और बंद मकानों की स्थिति भी दर्ज की जाएगी।
रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले बेघर लोगों को भी जनगणना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए प्रगणकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ऐसे लोगों की गणना चार जनवरी को सूर्यास्त से रात 12 बजे तक की जाएगी। इस तरह स्वगणना करने वालों से लेकर डिजिटल प्रक्रिया नहीं अपना पाने वाले परिवारों और बेघर लोगों तक की जानकारी जुटाने की व्यवस्था की गई है।
स्वगणना जनगणना में लोगों की भागीदारी का अवसर है, हमने भी किया है। जो लोग डिजिटल माध्यम से जानकारी नहीं भर सकते, उनकी गणना प्रगणक घर पहुंचकर करेंगे। कोई परिवार छूटने नहीं पाएगा।
- अंकित खंडेलवाल, डीएम, संभल।
यह भी पढ़ें- संभल में गरमाया माहौल: सपा सांसद बर्क के विरोध के बीच बुर्का पहनकर 'हरिहर मंदिर पदयात्रा' में शामिल होंगी तमन्ना मलिक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।