यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sambhal News: सांसद बर्क पर कसता जा रहा शिकंजा, अब इस मामले में दर्ज होगा एक और मुकदमा! बढ़ेंगी मुश्किलें
सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अब इनके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज करने की तैयारी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंदौसी। समाजवादी पार्टी सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अब इनके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, मंगलवार को सांसद के यहां पुराना मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया है, लेकिन उनके उनके मीटर की डिटेल निकाली गई तो चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। कई महीनों से उनका बिल जीरो आ रहा है। मीटर में एक भी यूनिट बिजली का इस्तेमाल नहीं है। इसको लेकर अब उनके खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज होना तय माना जा रहा है।
जामा मस्जिद में हरिहर मंदिर होने का दावा पेश किए जाने के बाद जब सर्वे कराया गया तो इसके विरोध में सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर भड़काऊ बयानबाजी करने के आरोप लगे और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। अब जबकि शहर में पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी के नेतृत्व में बिजली विभाग के अफसरों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें चार दिन के अंदर सैकड़ों लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई। इनमें पांच मस्जिदों में भी बिजली चोरी पकड़ी गई।
इसके बाद सांसद के यहां उपयोग की जा रही बिजली उपयोग की जानकारी निकाली गई। इसके बाद उनके मकान पर स्मार्ट मीटर लगा दिया गया। अब जो असलियत सामने आई है तो न सिर्फ मौजूदा सांसद के के बिल में बल्कि उनके दादा पूर्व सांसद के बिल निकलवाने के बाद गड़बड़ी सामने आई है। सांसद का जो बिजली बिल निकलवाया गया है, उसके अनुसार जुलाई से लेकर अब तक मीटर में जीरो यूनिट नजर आ रही है, यानि कि एक यूनिट भी बिजली खर्च नहीं की गई। विभागीय अफसरों के अनुसार घर में एसी समेत बिजली से चलने वाले अन्य उपकरण भी हैं।
सांसद के एक वर्ष का के बिजली बिल पर नजर डालें तो इस साल जून में 13, मई में 33, अप्रैल में 35, मार्च में 27, फरवरी में 27, जनवरी में 28 और दिसंबर 2023 में मात्र 25 यूनिट बिजली खर्च की गई है। पूरे साल में केवल 188 यूनिट बिजली का ही सांसद के आवास में उपयोग किया गया है। इसी तरह इनके दादा पूर्व सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क के समय का भी बिल निकलवाया गया है। इसमें दिसंबर 2023 से जून 2024 तक बिजली यूनिट जीरो ही रहे हैं। अहम बात यह है कि बीपीएल कनेक्शन धारक के यहां भी 200 से अधिक का बिल आता है। इस स्थति में विभाग को संदेह हुआ और सांसद के यहां स्मार्ट मीटर लगवा दिया गया। अब इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से जो बिल निकलवाए गए हैं, उनमें सांसद के कई महीने के बिल में एक यूनिट बिजली का खर्च भी नहीं दिखाया गया है, जबकि घर में एसी, कूलर समेत अन्य बिजली चलित उपकरण लगे हैं। अभी इस मामले की पड़ताल कराई जा रही है। इसमें सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का मुमदमा दर्ज कराया जाएगा।
