यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UPPCL: संभल में जामा मस्जिद इलाके में बिजली विभाग का छापा, Video बनी तो मची खलबली; 56 मकानों में पकड़ी चोरी
संभल में बिजली विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। जामा मस्जिद (Sambhal Jama Masjid) इलाके ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, संभल। बिजली विभाग द्वारा बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। यह अभियान पूरे शहर में चलाया जा रहा है। रात में बिजली चोरी करने वालों की वीडियो ग्राफी कराई जा रही है। मुहल्ला कोटगर्बी में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें 56 घरों में कटिया डालकर बिजली चोरी होती पाई गई। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लगातार यह अभियान जारी रहेगा। पूरे शहर को लाइनलास मुक्त कर दिया जाएगा।
सोमवार को जामा मस्जिद इलाके के मुहल्ला कोटगर्बी में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि जामा मस्जिद इलाके के 56 घरों में अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए पाया गया। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बिजली चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उनका कहना है कि किसी भी स्थिति में बिजली चोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रात में कराई गई वीडियोग्राफी
कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी करने वालों में खलबली मची रही। वहीं बिजली विभाग ने चोरी रोकने के लिए रात के समय वीडियोग्राफी का सहारा लिया है। कई बार बिजली चोरी करने वाले दिन में सतर्क रहते हैं और रात के समय चोरी करते हैं। इसलिए रात में वीडियो ग्राफी कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य पूरे शहर को लाइनलास मुक्त बनाना है।
बिजली विभाग ने दीपा सराय के 40 घरों में लगाए स्मार्ट मीटर
वहीं दूसरी ओर, दीपा सराय में बिजली चोरी के बढ़ते मामलों को देखते हुए बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। चीफ इंजीनियर के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके में फिर से अभियान चलाया। इस दौरान 40 मकानों में स्मार्ट मीटर लगाए गए और नई एबीसी लाइन बिछाने का काम भी शुरू किया गया।
दरअसल, दीपा सराय क्षेत्र में बिजली विभाग भारी पुलिस बल के साथ लगातार बिजली चाेरी करने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अभी तक जारी है। अभी तक पांच मस्जिदों में बिजली चोरी पकड़ी गई थी।

इसमें बड़ी बात यह थी कि इन मस्जिदों से अन्य सैड़कों घरों में बिजली आपूर्ति दी जा रही है। वहीं इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं। बिजली चेकिंग के दौरान हिंदूपुरा खेड़ा राससत्ती और नखासा में लोगों ने कार्रवाई के डर से अपनी अपनी दुकानें तक बंद कर रखी थीं।
बिजली चोरी रोकने और बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए विभाग ने अब सख्त कदम उठा लिया है। स्मार्ट मीटर लगाने का उद्देश्य बिजली की खपत और चोरी पर सटीक निगरानी रखना है। इसके अलावा इलाके में पहले नंगे तार जा रहे थे। विरोध के चलते किसी भी अधिकारी व कर्मचारी ने वहां एबीसी केबिल बिछाने की जहमत नहीं उठाई।
अब कार्रवाई से लोग शांत हो गए हैं। इलाके में नई एबीसी (एरियल बंच केबिल) लाइन बिछाने का कार्य भी शुरू किया गया है, जिससे बिजली चोरी की संभावनाओं को कम किया जा सके। सोमवार को मेरठ के चीफ इंजीनियर अरविंद कुमार सिंघल के नेतृत्व में मुहल्ला दीपा सराय में पहुंची। चीफ इंजीनियर ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया और जहां जहां बिजली चोरी हो रही थी, उस इलाके की जानकारी की।
इसके साथ ही वहां 40 मकानों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया। उनका कहना था कि बिजली चोरी करने वालों पर अब सख्ती बरती जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर विनाेद कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता मुरादाबाद अजय शुक्ला, अधिशासी अभियंता संभल नवीन गौतम, उपखंड अधिकारी प्रथम संतोष त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी चतुर्थ राहुल, अवर अभियंता वीके गंगल आदि अधिकारी मौजूद रहे।
