विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिटायरमेंट से एक साल पहले रचा इतिहास: 4 बार फेल होने के बाद 59 की उम्र में इस शिक्षामित्र ने पास की Special TET परीक्षा

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:16 PM (IST)

59 वर्षीय शिक्षामित्र सुखबीर सिंह ने चार बार असफल होने के बाद पांचवें प्रयास में स्पेशल टीईटी परीक्षा 94.81 अंकों के साथ उत्तीर्ण की। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सीखने और लक्ष्य प्राप्त करने की कोई उम्र नहीं होती।

शिक्षामित्र सुखबीर सिंह

शिक्षामित्र सुखबीर सिंह

जागरण संवाददाता, संभल। उम्र के इस पड़ाव पर जहां अधिकांश लोग सेवानिवृत्ति की तैयारी में जुट जाते हैं, वहीं 59 वर्षीय शिक्षामित्र सुखबीर सिंह ने साबित कर दिया कि सीखने और लक्ष्य हासिल करने की कोई उम्र नहीं होती।

लगातार चार बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पांचवें प्रयास में स्पेशल टीईटी की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने संघर्ष को सफलता में बदल दिया।

जिले के पंवासा ब्लाक के गांव लधनपुर निवासी सुखबीर सिंह अमावती के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं। उनकी सेवानिवृत्ति में महज एक साल शेष है। इसके बावजूद उन्होंने परीक्षा की तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी।

पहले चार प्रयासों में उन्हें क्रमशः 75, 77, 79 और 80 अंक मिले। जबकि परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए 82 अंक अनिवार्य थे। हर बार लक्ष्य के बेहद करीब पहुंचकर भी असफलता हाथ लगी, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा।

आखिरकार पांचवें प्रयास में उन्होंने 150 में से 94.81 अंक हासिल कर सफलता का परचम लहरा दिया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

सुखबीर सिंह की सफलता उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो उम्र या बार-बार मिलने वाली असफलता को अपनी राह का रोड़ा मान लेते हैं। उन्होंने बता दिया कि मंजिल उन्हीं को मिलती है, जो आखिरी कोशिश तक मैदान में डटे रहते हैं।

यह भी पढ़ें- संभल के सिसौना डांडा और राजघाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 'हर-हर गंगे' के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।