सहारनपुर: रामपुर मनिहारान में 700 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को मंजूरी, उद्योग लगने पर हजारों को मिलेगा रोजगार
Saharanpur News: यूपीसीडा ने रामपुर मनिहारान में 700 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारे को स्वीकृति दी है, जिसके लिए 70% किसानों की सहमति आवश्यक है।

(AI Generated Image)
HighLights
अधिग्रहण को तहसील प्रशासन किसानों से भूमि खरीद के लिए सहमति पत्र लेगा।
भूमि की खरीद के लिए क्षेत्र के 70 प्रतिशत किसानों की सहमति हाेगी आवश्यक।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। रामपुर मनिहारान में औद्योगिक गलियारे को यूपीसीडा ने स्वीकृति दे दी है। गलियारे के लिए छह गांवों की 700 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। अब किसानों से सहमति पत्र भरवाने की प्रक्रिया तहसील प्रशासन द्वारा पूरी कराई जाएगी।
70 प्रतिशत किसानों से सहमति पत्र मिलने के बाद ही यहां औद्योगिक गलियारे (Industrial Corridor) का रास्ता खुल सकेगा। भूमि की खरीद के लिए सर्किल रेट की चार गुना राशि किसानों को दी जाएगी।
एसडीएम रामपुर मनिहारान द्वारा छह जुलाई को मौजा हलगोवा, अंबेहटा चांद, चकवाली, सिरसली कला, सिरसली खुर्द, मियानगी, मिर्जापुर, उमरी खुर्द, उमरी कला, बागाखेड़ी, मुंडी खेड़ी, अहमदपुर मस्त में भूमि की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई थी।
इसके बाद एसडीएम से फिर से औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि चिन्हित कर रिपोर्ट मांगी गई थी।नई रिपोर्ट में गांव शिवदासपुर, नैनपुर नगला, मोहम्मदपुर गाडा, चकवाली, सिरसली कला, सिरसली खुर्द में लगभग 650 से 700 हेक्टेयर भूमि को चिन्हित की गई।
तहसील प्रशासन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को जिला प्रशासन के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) को भेजा गया था। यहां उद्योग लगने पर हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
यूपीसीडा के प्रोजेक्ट प्रभारी उमेश शुक्ला ने बताया कि विभाग द्वारा 700 हेक्टेयर चिन्हित भूमि के के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। तहसील प्रशासन द्वारा किसानों से भूमि खरीद के लिए सहमति पत्र लिए जाएंगे। 70 प्रतिशत किसानों की सहमति होनी जरूरी होगी।
यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: एशियाड में 'अफ्रीकी कनेक्शन' ने पारुल और प्राची को बड़ी कामयाबी से रोका?
160 हेक्टेयर में भी बनेगा गलियारा
सदर तहसील के गांव कुराली, बडूली, उमाही और नौजली में राजस्व विभाग द्वारा 250 एकड़ भूमि चिन्हित की गई थी। किसानों से सहमति के बाद उमाही, कुराली, नौजली आदि की 160 हेक्टेयर भूमि गलियारे के लिए ली जाएगी। भूमि खरीद को 50 करोड़ की राशि जिला प्रशासन को भेज दी गई है। अगले सप्ताह से किसानों से भूमि के बैनामे की प्रक्रिया शुरू होगी।
