स्मैक तस्करी के नेटवर्क पर UP पुलिस का बड़ा एक्शन, दो करोड़ की स्मैक के साथ दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
Saharanpur News: सहारनपुर पुलिस ने स्मैक तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत चार नशा तस्करों ...और पढ़ें

सहारनपुर पुलिस की हिरासत में स्मैक की तस्करी के आरोपित। जागरण
HighLights
आरोपितों से 1.1 किलोग्राम स्मैक और चार मोबाइल फोन बरामद।
सहारनपुर पुलिस, एसओजी, स्वाट व सर्विलांस सेल की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। पुलिस ने स्मैक तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना मंडी पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो महिलाओं समेत चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से 1.1 किलोग्राम स्मैक और चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये बताई है।
मंडी कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा की टीम ने मंगलवार को एक सूचना पर चेकिंग के दौरान बाबालाल दास आश्रम के बाड़े के गेट के पास से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रेशमा उर्फ अरशी निवासी हलवाई हट्टा, आसमा उर्फ बोबी निवासी पानी की टंकी खाताखेड़ी, निजाकत उर्फ नज्जी निवासी नया कुण्डामजरा बसी और अब्दुल उर्फ आहत निवासी हलवाई हट्टा, रानी बाजार के रूप में हुई है।
रेशमा के कब्जे से 400 ग्राम, आसमा से 200 ग्राम, निजाकत से 250 ग्राम और अब्दुल से 250 ग्राम स्मैक बरामद की गई। कुल 1,100 ग्राम स्मैक पुलिस के हाथ लगी। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाते थे। इसके बाद छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशा करने वालों को बेचते थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। आरोपित निजाकत के विरुद्ध सहारनपुर और शामली में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- देहरादून-अंबाला हाईवे पर रोडवेज बस लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई, 13 यात्री घायल
चोरी की बाइक बेचने की फिराक में था आरोपित, पुलिस ने दबोचा
नागल: तीन दिन पहले दंघेड़ा निवासी पप्पू ने थाने में बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर खजूरवाला के निकट सर्विस रोड से कुराली निवासी विपिन को चोरी की बाइक समेत पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- कोहरे के कारण 3 माह तक कैंसिल रहेंगी 18 ट्रेनें; UP, बिहार, बंगाल रूट के यात्रियों को होगी परेशानी
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर नया गांव के जंगल से बाइक चोरी की थी। मंगलवार को वह बाइक को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के साथी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
