विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून-अंबाला हाईवे पर रोडवेज बस लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई, 13 यात्री घायल

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 20 Oct 2026 12:17 PM (IST)

सहारनपुर के नांगल थाना क्षेत्र में सोमवार रात देहरादून-अंबाला हाईवे पर हादसा हो गया। सवारियों से भरी रोडवेज बस लकड़ी ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक फोटो

प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1.  सहारनपुर में लखनौर गोल चक्कर के पास हुआ हादसा।

  2. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। नांगल थाना क्षेत्र में सोमवार रात 12 बजे बड़ा हादसा हो गया। सवारियों से भरी रोडवेज बस पीछे से लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए।

देहरादून-अंबाला हाईवे पर लखनौर गोल चक्कर के पास हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि रोडवेज बस दिल्ली से देहरादून की ओर जा रही थी। तभी लखनौर गोल चक्कर के पास आगे चल रही लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज रफ्तार होने के कारण बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे ट्राली में पीछे से जा टकराई।

हादसे की सूचना पर नांगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। उपचार के बाद सभी 13 घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायलों में मामूली रूप से घायल हुए जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई:

  • लकी व विधि निवासी बुराड़ी दिल्ली
  • नीतू नेहरू नगर दिल्ली
  • रागिनी
  • कोमल रावल जिंदल यूनिवर्सिटी सोनीपत
  • अमित राजीव नगर दिल्ली
  • विद्या व पल्लवी कल्याण नगर बेंगलुरु
  • अर्चना साकेत दिल्ली
  • पारस सेक्टर 28 गुड़गांव

थाना प्रभारी नांगल राधेश्याम यादव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक ट्राली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर बस को साइड कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।