विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PNB करेंसी चेस्ट का सच उड़ा रहा होश! 17.29 करोड़ के जाली नोटों के पीछे कौन है 'मास्टरमाइंड'? इस कांड की पूरी इनसाइड स्टोरी

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 03 Sep 2026 01:35 PM (IST)

Saharanpur fake notes: सहारनपुर में पीएनबी की करेंसी चेस्ट से अब तक 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद हुए ...और पढ़ें

सोफिया मार्केट सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में है करेंसी चेस्ट। फाइल फोटो

सोफिया मार्केट सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में है करेंसी चेस्ट। फाइल फोटो

HighLights

  1. पीएनबी मुख्यालय और आरबीआइ की 35 सदस्यीय टीम कर रही मामले की जांच।

  2. आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी एसआइटी, तीनों अधिकारियों के खिलाफ सर्च वारंट जारी।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। सोफिया मार्केट स्थित पीएनबी की करेंसी चेस्ट में 29 लाख रुपये के और जाली नोट मिले हैं। आरबीआइ और पीएनबी मुख्यालय की टीम चेस्ट की आडिट में जुटी है। पहले 500 रुपये के बंडलों की गिनती हुई थी। शुरुआती गिनती में सात करोड़ 40 लाख रुपये के जाली नोट मिले थे।

सोमवार को जाली नोटों की संख्या 17 करोड़ पहुंची थी, बुधवार को 100 और 200 के नोटों के बंडलों की गिनती शुरू हुई तो बैंक अधिकारियों की तरफ से पुलिस को सूचित किया गया कि यह संख्या 17 करोड़ 29 लाख पहुंच गई है।

मामले की जांच पीएनबी के मुख्यालय और आरबीआइ के अधिकारियों की 35 सदस्यीय टीम कर रही है। इसके अलावा पुलिस की सात सदस्यीय एसआइटी ने भी जांच शुरू कर दी है। नामजद किए गए तीनों बैंक अधिकारियों के खिलाफ सर्च वारंट जारी कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल और संबंधित दस्तावेजों से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इस पूरे कांड के मास्टर माइंड तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

आरबीआइ के शीर्ष अधिकारियों की एक और टीम बुधवार को लखनऊ से सहारनपुर पहुंची। इस तरह अब जांच कर रहे बैंक अधिकारियों की संख्या 35 हो गई है। करेंसी चेस्ट से पांच अगस्त को साढ़े 11 करोड़ रुपये आरबीआइ जयपुर भेजे गए थे, जिनमें गले, कटे व अन्य नोट थे। वहां गिनती होने के बाद इनमें चार लाख 30 हजार 900 रुपये कम मिले थे।

इसकी जांच शुरू हुई तो चेस्ट से अब तक 17 करोड़ 29 लाख रुपये की नकली करेंसी मिल चुकी है। मामले में पीएनबी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार व अमित कुमार के खिलाफ सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराकर निलंबित कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें- फिल्मी कहानी से कम नहीं है PNB में 17 करोड़ के नकली नोटों का मामला, गड्डियों में ऊपर-नीचे असली, बीच में नकली का 'खेल'

कामकाज प्रभावित न हो इसलिए निलंबित किए गए अधिकारियों के स्थान पर नए अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। इनके अलावा पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ करेंसी चेस्ट से चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। चर्चा है कि उसे हिरासत में ले लिया गया है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। आरबीआइ के अधिकारी बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़े रिकार्ड और संबंधित दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।

अधिकारियों का फोकस यह पता लगाने पर है कि नकली करेंसी से जुड़े लेनदेन या उसके सत्यापन की प्रक्रिया में कहां और किस स्तर पर चूक हुई। जांच टीम ने संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों को एसआइटी की पड़ताल से जोड़ा जाएगा, जिससे पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सके।

यह भी पढ़ें- PNB के करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ के नकली नोट मिलने के बाद पूरे मेरठ जोन में हलचल, कैश के हर मूवमेंट पर नजर

फोरेंसिक टीम ने भी मामले से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित किया है। दस्तावेजों और अन्य सामग्री की तकनीकी जांच के बाद कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि नकली करेंसी मामले में एसआइटी आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। जल्द से जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फोरेंसिक टीम ने भी चेस्ट में पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस लगातार मामले से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।