मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण के बाद सहारनपुर में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, आलाधिकारियों ने किया निरीक्षण
Saharanpur News: कलक्ट्रेट मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण के बाद सहारनपुर पुलिस जुमे की नमाज को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। एसएसपी अभिनंदन ने शांति बनाए रखने की अपील की।

HighLights
पुलिस ने बाजारों और संवेदनशील इलाकों में लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा।
एसएसपी अभिनंदन ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित मस्जिद ध्वस्तीकरण प्रकरण के बाद जुमे की नमाज के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आई।
एसएसपी अभिनंदन, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी ग्रामीण मयंक पाठक के साथ ही सभी थाना व कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं मस्जिदों के आसपास पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद क्षेत्र में सुबह से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी का एहसास कराया और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखी। पुलिसकर्मियों ने प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती।
एसएसपी अभिनंदन ने आमजन से बातचीत करते हुए शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे प्रसारित नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
एसएसपी अभिनंदन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- सहारनपुर वाले ध्यान दें! शहर की 30 से अधिक कॉलोनियों में बिजली रहेगी गुल, शटडाउन का समय कर लें नोट
मस्जिद दोबारा बनवाने की मांग की
सहारनपुर : आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन मंडलायुक्त को सौंपा। उन्होंने उसी स्थान पर मस्जिद दोबारा निर्माण कराने की मांग की। मुख्य महासचिव अधिवक्ता शमीम अहमद तुर्क, पश्चिमी उप्र अध्यक्ष डा.मेहताब चौहान और राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने ज्ञापन में कहा कि मस्जिद गिराने से पहले कानूनी प्रक्रिया का पालन नही किया गया। उन्होंने अवैधानिक रूप से ध्वस्त की मस्जिद का उसी स्थान पर पुर्ननिर्माण कराने की मांग की।
