विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लिव-इन पार्टनर ने छोड़ा तो महिला बनी 'बच्चा चोर', 250 CCTV फुटेज खंगालने के बाद सहारनपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 24 Sep 2026 05:32 PM (IST)

Saharanpur News: सहारनपुर जिला अस्पताल से चोरी हुए नवजात को पुलिस ने हरिद्वार के बहादराबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी महिला आशु को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला महिला अस्पताल से नवजात शिशु को चोरी करने की आरोपित महिला के बारे में जानकारी देते एसपी सिटी व्योम बिंदल। जागरण

जिला महिला अस्पताल से नवजात शिशु को चोरी करने की आरोपित महिला के बारे में जानकारी देते एसपी सिटी व्योम बिंदल। जागरण

HighLights

  1. सहारनपुर जिला अस्पताल से चोरी हुआ था नवजात

  2. पुलिस ने आरोपित महिला को बहादराबाद से पकड़ा।

  3. चोरी हुआ नवजात सकुशल स्वजन को सौंपा गया।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। जिला अस्पताल से नवजात को चोरी करने वाली आरोपित महिला को पुलिस ने हरिद्वार जिले के बहादराबाद कस्बे के बाहर हाईवे पर स्थित एक अस्पताल के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। महिला के पास से बरामद किए गए नवजात की पहचान कराने के बाद उसे स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया है। वहीं आरोपित महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम की पत्नी शबाना ने रविवार की रात बच्चे को जन्म दिया था। 21 सितंबर को नाजिम बच्चे को टीका लगवाने के लिए आपरेशन थिएटर के पास पहुंचा था, जहां खुद को अस्पताल का स्टाफ बताते हुए एक महिला ने उससे बच्चे को ले लिया था और उसे टीके का कार्ड लेने के लिए वार्ड भेज दिया था। नाजिम को वापस लौटने पर न महिला मिली और न ही उसका बच्चा। इसके बाद उसने अस्पताल प्रशासन को सूचना दी थी।

इसके बाद पुलिस ने आरोपित महिला की तलाश शुरू कर दी थी। नवजात को बरामद करने व आरोपित महिला को खोजने में थाना जनकपुरी पुलिस व एसओजी की करीब छह टीमें एसएसपी अभिनंदन ने गठित की थी। इस दौरान करीब 250 से ज्यादा सीसीटीवी की फुटेज पुलिस ने खंगाली।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में महिला की आखिरी लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कस्बा बहादराबाद में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर स्थित एक अस्पताल के बाहर मिली। इसके बाद पुलिस को कड़ी मिलती चली गई। 23 सितंबर देर रात पुलिस ने आरोपित महिला आशु निवासी कस्बा तीतरो बड़े टावर के पास हाल निवासी कस्बा बाहदराबाद को पकड़ लिया और नवजात भी सकुशल मिला।

पुलिस देर रात महिला जिला अस्पताल में नवजात को लेकर पहुंची और उसकी मां शबाना से उसकी पहचान कराने के बाद स्वजन के सिपुर्द कर दिया। पूछताछ में आरोपित महिला आशु ने बताया कि उसकी शादी फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोनू के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटी और एक बेटा है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर: अस्पताल से मां के पास सो रहे नवजात शिशु को लेकर महिला फरार, आशा के वेश में आई थी आरोपि‍त

महिला का चाल चलन ठीक नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने उसे रखने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उसने भगवानपुर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी की। इसी दौरान उसकी मुलाकात अंकुर नाम के युवक से हुई। इसके बाद दोनों एक साथ रहने लगे।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चार करोड़ 76 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार; 10 लाख रुपये की नकदी भी बरामद

करीब पांच साल से दोनों रिलेशनशिप में रहे, लेकिन कोई संतान नहीं हुई। इसको लेकर युवक ने छोड़ दिया। जिससे वो टेंशन में रहने लगी। इसके बाद महिला आशु ने बच्चे चोरी की योजना बनाई। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपित महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- PNG कनेक्शन वाले घरों को नहीं मि‍लेगी LPG, सहारनपुर में तीन महीने के नोटिस के बाद रिफिल बंद करने की कार्रवाई शुरू