विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में ढमोला नदी पर बनेगा नया पुल, साढ़े आठ मीटर चौड़ाई और 45 मीटर लंबाई से सुगम होगा यातायात

Published: Sat, 17 Oct 2026 02:30 PM (IST)

सहारनपुर में जेल चुंगी के पास ढमोला नदी पर 5.75 करोड़ रुपये की लागत से एक नया पुल बनेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. ढमोला नदी पर 5.75 करोड़ का नया पुल।

  2. जाम से मुक्ति, सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा।

  3. एक वर्ष में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। महानगर में जेल चुंगी के निकट ढमोला नदी पर 5.75 करोड़ की लागत से पुल निर्माण के लिए बजट स्वीकृति मिली है। पुल के निर्माण से देहरादून रोड से महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने और सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगा। निर्माण शुरू होने के एक वर्ष के भीतर पुल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। चालू वित्तवर्ष की योजना में नगर विधायक राजीव गुंबर ने पुल के लिए प्रस्ताव दिया था।

विकास की ओर बड़ा कदम

प्रदेश सरकार द्वारा महानगर में बुनियादी ढांचे के विकास और यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। व्यस्त क्षेत्रों में से एक जेल चुंगी के निकट ढमोला नदी पर 5.75 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। तेजी से विकसित हो रहे महानगर में यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है।

महानगर के पुराने क्षेत्रों को देहरादून रोड से जोड़ने वाले जेल चुंगी के आसपास अनेक कालोनियां विकसित हो चुकी हैं, जिनमें लाखों की आबादी निवास करती है। जेल चुंगी से नवाबगंज तक सड़क को पहले ही डिवाइडर के साथ टू-लेन किया जा चुका है।

दो दशक पहले बना था एक पुल

हालांकि, ढमोला नदी पर पहले से ही एक पुल है, जिसका निर्माण दो दशक पहले कराया गया था। नए पुल के बनने से आवागमन अधिक सुचारू हो सकेगा। लोक निर्माण विभाग के अनुसार ढमोला नदी पर बनने वाले पुल की लंबाई 45 मीटर, चौड़ाई 8.50 मीटर होगी। पुल के एक ओर 1.50 मीटर का फुटपाथ भी बनाया जाएगा।

टेंडर आदि की प्रक्रिया पूरी करने में अभी एक महीने का समय लगने की संभावना है। विभाग के अनुसार दिसंबर के पहले पखवाड़े में पुल का निर्माण शुरू कराया जा सकता है। निर्माण शुरू होने के एक वर्ष के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य है।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने बताया कि पुल के निर्माण के उनके द्वारा लोक निर्माण विभाग को दिए गए प्रस्ताव को शासन से बजट स्वीकृति मिली है। पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुचारू हो जाएगा।

सड़कों के लिए 72.93 लाख आवंटित

प्रदेश शासन द्वारा सिरसका से खोपुरा संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 39.33 लाख तथा समसपुर से नया गांव संपर्क मार्ग के लिए 33.60 लाख की बजट स्वीकृति दी है। इन दोनों मार्गों के निर्माण से 12 से अधिक गांवों की 50 हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें- कानपुर विकास बैठक से 12 अफसर नदारद, जैपुरिया पुल के डिजाइन और बदहाल सड़कों पर जनप्रतिनिधियों ने लगाई फटकार

यह भी पढ़ें- बिहार के 4 जिलों से गुजरेगा 1,248 करोड़ का वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे, गया में विकास की नई राह