सहारनपुर में दीपावली के बोनस को लेकर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, सड़क हादसे का रूप देने की साजिश
सहारनपुर में इंडियन हर्ब्स कंपनी के गोदाम में बोनस की धनराशि को लेकर हुए विवाद में एक सिक्योरिटी गार्ड की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

सिक्योरिटी गार्ड की हत्या।
HighLights
बोनस विवाद में सिक्योरिटी गार्ड सोमपाल की हत्या।
चार सहकर्मियों पर मारपीट और हत्या का गंभीर आरोप।
हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित इस्माइलपुर के समीप इंडियन हर्ब्स कंपनी के गोदाम में बोनस की धनराशि को लेकर दो सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद हो गया।
मृतक के बेटे ने साथ काम करने वाले एक सहकर्मी समेत चार लोगों पर अपने पिता के साथ मारपीट करने और उनकी हत्या कर वारदात को सड़क हादसे का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है।
आरोपितों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में मृतक के पुत्र की तरफ से थाना कुतुबशेर में चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सरसावा के गांव अलीपुरा निवासी अजय कुमार ने बताया कि उसके पिता सोमपाल पिछले दस वर्षों से इंडियन हर्ब्स कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। नौ नवंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे के करीब उनके साथ सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाले सोनू का फोन आया।
उसने सोमपाल को जल्द ड्यूटी पर पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद सोमपाल ने घर पर बताया कि सोनू बार-बार फोन कर उन्हें जल्दी आने के लिए कह रहा है। बेटे का आरोप है कि कंपनी में मिलने वाले बोनस की धनराशि को लेकर उसके पिता व सोनू के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
अजय ने बताया कि सोमपाल जब ड्यूटी पर पहुंचे तो वहां सोनू, अमन, टिंकू निवासी दादनौर थाना नकुड़ तथा नितिन निवासी कंडेला जनपद शामली मौजूद थे। आरोप है कि चारों ने उनके साथ गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बताया कि रात करीब दस बजे सोमपाल ने गांव के परिचित कल्लू उर्फ राजेंद्र पुत्र स्वर्गीय रतिराम को फोन कर कंपनी में अपने साथ हो रही अभद्रता की जानकारी दी और मौके पर आने को कहा। कल्लू जब गोदाम पहुंचा तो आरोपितों ने उसे भी तमंचा दिखाकर धमकाया।
आरोप है कि कल्लू के वापस लौटने के बाद चारों ने एक राय होकर सोमपाल के साथ मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
विजय कुमार का आरोप है कि हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपितों ने सेलेरियो कार की अगली सीट पर बैठाकर आरोपित कंपनी से करीब तीन किलोमीटर दूर सरसावा थाना क्षेत्र में अंबाला रोड पर धर्मकांटे के पास ले गए ओर कार को तेज गति से पेड़ से टकरा दिया गया।
बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार का दरवाजा लॉक हो गया और वाहन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। आरोप है कि पूरी घटना को सड़क हादसा दिखाने का प्रयास किया गया। इसके बाद धर्मकांटा संचालक नूसा ने पुलिस और अलीपुरा गांव में फोन कर सूचना दी।
इसको लेकर मृतक के स्वजन व ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। सूचना पर एसपी सिटी व्योम बिंदल व एसपी देहात मयंक पाठक मौके पर पहुंचे ओर लोगों को समझाकर शांत कराया। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर चार आरोपितों के खिलाफ थाना कुतुबशेर में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।