विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्याेहारी सीजन में डुप्लीकेट माल की सप्लाई, सहारनपुर के बाजारों में बिक रहे ब्रांडेड कंपनियों के नकली प्रॉडक्ट

Published: Sun, 18 Oct 2026 03:42 PM (IST)

त्योहारी सीजन में बाजारों में नकली उत्पादों की भरमार हो गई है, जिससे ग्राहकों को स्वास्थ्य और आर्थिक नुकसान का खतरा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. नकली उत्पादों की बढ़ती आपूर्ति त्योहारी सीजन में चिंता का विषय।

  2. सहारनपुर में नकली दवा, कॉस्मेटिक, इलेक्ट्रॉनिक्स पकड़े गए।

  3. खरीदारी करते समय प्रामाणिक दुकानों और बिल पर जोर दें।

दीपक प्रजापति, सहारनपुर। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में खरीदारी बढ़ गई है। घरों की सजावट, पूजा-पाठ, सौंदर्य प्रसाधन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा के सामान की मांग के बीच नकली उत्पाद घर पहुंचने का खतरा भी बढ़ रहा है।

नामी कंपनियों के ब्रांड और पैकेजिंग की नकल कर बनाए गए सामान असली उत्पादों के नाम पर ग्राहकों तक पहुंच सकते हैं, इसलिए खरीदारी करते समय ग्राहक अतिरिक्त सतर्कता बरतें।

मिलते-जुलते पैकेट, हूबहू दिखने वाली पैकेजिंग और आकर्षक छूट ग्राहकों को भ्रमित कर सकती हैं। जरूरत से ज्यादा सस्ता सामान देखकर उसकी गुणवत्ता और असलियत की जांच न करना नकली उत्पाद बेचने वालों को मौका देता है। त्योहारों में बढ़ती मांग के बीच ऐसे उत्पाद स्वास्थ्य और जेब, दोनों पर भारी पड़ सकते हैं।

सहारनपुर के बनर्जी मार्केट में एप्पल कंपनी के कापी आईफोन और नकली पार्ट्स मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नकली दवा, खाद, कास्मेटिक, शेविंग ब्लेड और अगरबत्ती जैसे उत्पादों पर कार्रवाई हो चुकी है। सहारनपुर में नकली नोट और 20 रुपये के नकली सिक्के भी पकड़े जा चुके हैं।

यह बरतें सावधानी

त्योहारी खरीदारी में अधिकृत दुकानों और विश्वसनीय विक्रेताओं से सामान लें। पैकेट पर कंपनी का नाम, निर्माण और समाप्ति तिथि, बैच नंबर, सील तथा अन्य जरूरी विवरण जांचें। दवाओं और संबंधित उत्पादों पर लाइसेंस व लेबल की जानकारी भी देखें। जरूरत से ज्यादा कम कीमत पर मिलने वाले ब्रांडेड सामान के प्रति सतर्क रहें और खरीदारी का पक्का बिल लेना न भूलें।

  • केस -1: कुतुबशेर थाना क्षेत्र में अगस्त में नामी कंपनी के नकली पावर टूल ब्लेड मिले थे। तीन दुकानों पर छापेमारी में 1975 नकली ब्लेड बरामद हुए थे। इस मामले में तीन दुकानदारों पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
  • केस-2: जुलाई में प्रतापपुर मार्केट की एक इलेक्ट्रानिक दुकान से विभिन्न नामी और प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर तैयार 19 नकली एलईडी टीवी और 109 फर्जी ब्रांड मार्का लोगो जब्त किए गए थे। कंपनी के जांच अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

यह भी पढ़ें- नकली सिगरेट फैक्ट्री मामले में हस्तिनापुर एसओ और स्वाट प्रभारी सवालों के घेरे में, डीआईजी ने दिए मामले की जांच के आदेश

यह भी पढ़ें- हरदोई में एसटीएफ और कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा से लाई गईं नकली डीएपी की 820 बोरियां बरामद