हरदोई में एसटीएफ और कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा से लाई गईं नकली डीएपी की 820 बोरियां बरामद
हरदोई में कृषि विभाग और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर पिहानी के हरियाली किसान सेवा केंद्र से 820 बोरी नकली ...और पढ़ें
-1792310809615_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
हरदोई में 820 बोरी नकली डीएपी खाद बरामद।
कृषि विभाग और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी कार्रवाई।
हरियाणा से लाई गई थी नकली खाद, एक गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, हरदोई। किसानों को खाद के नाम पर ठगने के मामले में कृषि विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पिहानी के जहानीखेड़ा स्थित हरियाली किसान सेवा केंद्र ट्राली यार्ड, हरियाली बाजार उेल पंडरवा में छापेमारी कर टीम ने 820 बोरी नकली डीएपी खाद बरामद की, जिस ब्रांड के नाम की खाद मिली है इससे पहले सुरसा में भी उसी नाम की पकड़ी गई थी, जोकि जांच में नकली निकली थी। खाद हरियाणा के हिसार से ट्रक में लादकर लाई गई थी। मामले में संबंधित प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जिलाधिकारी के राहुल पांडेय के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डा. सतीश चंद्र पाठक और उनकी टीम ने एसटीएफ के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान हरियाणा के हिसार से ट्रक से लाई गई संदिग्ध डीएपी उतारी जा रही थी। मौके पर ट्रक में 775 बोरी भारत डीएपी (प्रोम) मिलीं, जबकि 45 बोरी इसी खाद की हरियाली किसान सेवा केंद्र के गोदाम में बरामद हुईं।
टीम ने 820 बोरियां जब्त की। मौके पर ट्रक का चालक रघुवीर सिंह, छह श्रमिक मुनेश, मजनू, प्रमोद, गुलशेर, रजनीश, चंद्र किशोर निवासीगण ग्राम जंगबहादुर गंज, थाना पसगवां जिला लखीमपुर खीरी मिले, श्रमिकों की ओर से ट्रक से खाद को उतारा जा रहा था। ट्रक चालक ने बताया कि उसे फोन करके रजनीश निवासी ग्राम बहिरमा जहानीखेड़ा ने खाद उतारने के लिए कहा था, जिसे वह उतरवा रहा था। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि बरामद खाद को जब्त करते हुए हरियाणा के हिसार की फर्म श्री कृष्ण सुदामा एग्रो टानिक, रजनीश, अखिलेश, मेसर्स हरियाली किसान सेवा केंद्र के प्रोपाइटर कुलदीप के विरुद्ध पिहानी थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है।
इस कार्रवाई में उनके अलावा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक अमीनुद्दीन अंसारी, उर्वरक सहायक पवन कुमार शुक्ला, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएएफ) लखनऊ के उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी, उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश मिश्रा व उनकी टीम मौजूद रही। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान ट्रक में मौजूद खाद और हरियाली किसान सेवा केंद्र के प्रतिष्ठान में उपलब्ध खाद के आठ नमूने लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी। नकली खाद बिक्री करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जो आगे भी जारी रहेगी। वहीं, पिहानी पुलिस ने मामले में अखिलेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस खाद की आपूर्ति के स्रोत और उसकी बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
