विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब सस्ते में बनेगा अपना आशियाना, सरिया से लेकर रेत तक के दामों में आई गिरावट

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:45 AM (GMT+05:30)

सहारनपुर में सरिया, रेत, रोडी और डस्ट जैसी प्रमुख भवन निर्माण सामग्री की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. भवन निर्माण सामग्री की कीमतों में आई है गिरावट।

  2. सरिया के दाम ₹2000 प्रति टन तक हुए कम।

  3. रेत, रोडी और डस्ट भी हुए अब सस्ते।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। अपना आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख सामग्री सरिया, रेत, रोडी और डस्ट की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 15 दिनों में सरिया के दाम दो हजार रुपये प्रति टन तक नीचे आ गए हैं।

वहीं रोडी, रेत और डस्ट की कीमतों में भी कमी आई है। निर्माण सामग्री सस्ती होने से उन लोगों को सबसे अधिक राहत मिली है, जिन्होंने महंगाई के चलते मकान बनाने या मरम्मत का काम रोक दिया था। कारोबारियों का मानना है कि जीएसटी कम होने व कच्चे माल की आपूर्ति सही ढंग से होने के कारण बाजार में गिरावट आई है। वहीं आपूर्ति बेहतर रहने पर आने वाले 15 दिनों में कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

निर्माण सामग्री के बाजार में आई नरमी का असर कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। आठ नवंबर को सरिया 62 हजार रुपये प्रति टन बिक रहा था, जो अब घटकर 60 हजार रुपये प्रति टन पर आ गया है। यानी महज 15 दिनों में प्रति टन दो हजार रुपये की कमी आई है। सरिया के दाम घटने से मकान की छत डालने और लेंटर का काम कराने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

निर्माण कार्य में सरिया की बड़ी मात्रा में खपत होती है, ऐसे में कीमतों में थोड़ी सी कमी भी कुल लागत पर असर डालती है। सरिया के साथ ही अन्य निर्माण सामग्री की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। रोडी के दाम 68 रुपये प्रति क्विंटल से घटकर 65 रुपये प्रति क्विंटल आ गए है।

वहीं रेत की कीमत 35 रुपये से कम होकर 32 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गई है। डस्ट के दामों में भी तीन रुपये प्रति घन फुट की कमी बताई जा रही है। निर्माण कार्य में इन सामग्रियों की नियमित खपत होती है, इसलिए इनके सस्ते होने से मकान निर्माण की लागत में राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले कुछ समय से निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों के कारण कई लोग मकान बनाने की योजना टाल रहे थे। खासकर मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सरिया, रेत और अन्य सामग्री की बढ़ती कीमतें बजट बिगाड़ रही थीं। अब दामों में गिरावट आने से ऐसे लोगों को निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का मौका मिल सकता है।

वहीं जिन लोगों का निर्माण कार्य पहले से चल रहा है, उन्हें भी आगे की खरीदारी में राहत मिलेगी। मल्हीपुर रोड पर भवन निर्माण सामग्री के विक्रेता आशुतोष, महकार सिंह, अजेंद्र ने बताया कि बाजार में आपूर्ति बढ़ने के कारण कीमतों में नरमी आई है। फिलहाल बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनने से दाम नीचे आए हैं।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में 69 करोड़ की लागत से बन रहा हाईटेक बस अड्डा, अगले साल से शुरू होगा बसों का संचालन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।