दीपावली के दो दिन बाद दिल्ली से 180 KM दूर इस शहर की हवा में हुआ सुधार, AQI 142 पहुंचा
दीपावली के बाद सहारनपुर की हवा में सुधार हुआ है, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 212 से घटकर 142 पर आ गया है।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
दीपावली के बाद सहारनपुर की हवा में सुधार दर्ज।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 212 से घटकर 142 हुआ।
आतिशबाजी थमने से प्रदूषण के स्तर में 70 अंकों की गिरावट।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। दीपावली पर आतिशबाजी के कारण बढ़ा प्रदूषण अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। त्योहार के बाद शहर की आबोहवा में सुधार दर्ज किया गया है।
दीपावली के दौरान 212 तक पहुंचा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) मंगलवार को घटकर 142 पर आ गया। प्रदूषण के स्तर में 70 अंकों की गिरावट से लोगों को जहरीली हवा से कुछ राहत मिली है। हालांकि, हवा अभी पूरी तरह स्वच्छ नहीं हुई है।
दीपावली पर देर रात तक हुई आतिशबाजी और पटाखों के धुएं से जनपद में प्रदूषण बढ़ा था। लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और एक्यूआइ 212 तक पहुंचने से चिंता बढ़ गई थी। त्योहार के बाद आतिशबाजी थमने और वातावरण में प्रदूषणकारी तत्वों का स्तर घटने से एक्यूआइ में सुधार हुआ है।
हालांकि, वाहनों का धुआं, सड़कों की धूल और निर्माण कार्य अब भी वायु गुणवत्ता को प्रभावित कर रहे हैं। क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी डॉ. योगेद्र कुमार ने बताया कि त्योहार बीतने के बाद आतिशबाजी थमने और वातावरण में प्रदूषणकारी तत्वों का स्तर कम होने से एक्यूआइ में सुधार हुआ है। कहीं अगर कूड़ा जलाने की शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।