विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर के 32 गांवों में सड़क-नाली और पेयजल जैसी सुविधाएं होंगी चकाचक, विकास पर खर्च होंगे 8 करोड़ रुपये

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:42 AM (IST)

सहारनपुर नगर निगम की सीमा में शामिल 32 गांवों के विकास पर आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. 32 गांवों के विकास पर आठ करोड़ खर्च होंगे।

  2. सड़क, नाली, पेयजल, पथ प्रकाश पर जोर दिया जाएगा।

  3. सुविधाओं से वंचित गांवों को बजट से राहत मिलेगी।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। नगर निगम की सीमा में शामिल 32 गांवों के विकास पर आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस धनराशि से गांवों में जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए काम होंगे। सड़क, नाली, पेयजल और पथ प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। शहरी सीमा में शामिल होने के बावजूद सुविधाओं से वंचित इन गांवों के लोगों को बजट से राहत मिलने की उम्मीद है।

निगम में शामिल होने के बाद ये गांव शहरी क्षेत्र का हिस्सा तो बन गए, लेकिन यहां शहर जैसी सुविधाएं पूरी तरह विकसित नहीं हो पाई हैं। कई गांवों में पेयजल पाइपलाइन नहीं बिछी है। अनेक स्थानों पर सड़कें खराब हैं और जल निकासी के लिए पर्याप्त नालियां नहीं हैं।

रात में अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इन समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने विकास कार्यों की योजना बनाई है। खराब सड़कों का निर्माण और मरम्मत कराई जाएगी।

जलभराव से निपटने के लिए नालियों के निर्माण और सफाई व्यवस्था बेहतर करने पर ध्यान दिया जाएगा। प्रमुख रास्तों और आबादी वाले क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। पेयजल की समस्या वाले इलाकों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी जरूरी काम किए जाएंगे।

विकास के इंतजार में हजारों लोग

निगम में शामिल होने के बाद स्थानीय लोगों को शहर जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कई साल बाद भी समस्याएं बनी हुई हैं।

लोगों का कहना है कि टैक्स और अन्य शहरी व्यवस्थाओं के दायरे में आने के बावजूद गांवों में विकास की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। बरसात में जलभराव, खराब रास्ते, पेयजल की किल्लत और अंधेरी गलियां रोजमर्रा की परेशानी हैं।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, पूर्वांचल समाज ने नगर निगम से की मुलाकात

नगर निगम में शामिल गांव

बादशाहपुर, रामनगर, नयागांव, पिंजौरा, मवीखुर्द, सांवलपुर नवादा, ताहरपुर, मवीकलां, कुम्हारहेड़ा, सड़क दूधली, दाबकी जुनारदार, मोहम्मदपुर माफी, मुल्लापुर मजबता, चिरूकी, हसनपुर कदीम, हसनपुर मजरा ताहरपुर, मिलक वजीउद्वीनपुर, भट्ठा कालोनी, दरा शिवपुरी, फतेहपुर जट, गलीरा, बाग कलालान, माहीपुरा, चकहरेटी, दरा मिलकाना, चकदेवली, मढ़, चकसराय भारती चंद, दरा अली स्वाद बैरून, दरा कोटतला स्वाद बैरून, हलालपुर, मानकमऊ, खत्रीवाला और फतेहपुर जट आदि।

कार्यकारिणी की बैठक में 32 गांवों के विकास के लिए आठ करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है। इस बजट से निगम में शामिल गांवों में विकास कार्य होंगे।
डा. अजय कुमार, महापौर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।