विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर के 26 हजार कामगारों को मिलेगा रोजगार, जिले की 882 ग्राम पंचायतों में इस दिन चलेगा अभियान

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:57 PM (IST)

सहारनपुर में 12 अक्टूबर को रोजगार सृजन दिवस पर 26 हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार मिलेगा। जिले की 882 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 12 अक्टूबर को रोजगार सृजन दिवस मनाया जाएगा।

  2. 26 हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार मिलेगा।

  3. 60 खेल मैदानों के निर्माण कार्य का शुभारंभ होगा।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 12 अक्टूबर को बड़े स्तर पर रोजगार सृजन दिवस मनाया जाएगा। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत इस विशेष अभियान में एक ही दिन में 26 हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी होने के बाद जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

882 ग्राम पंचायतों में एक साथ रोजगार सृजन गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शासन की ओर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 90 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इस लिहाज से विशेष दिवस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर काम मिलने की उम्मीद है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही विकास कार्यों को गति देना है।

60 खेल मैदानों के निर्माण कार्य का शुभारंभ

रोजगार सृजन दिवस को केवल श्रमिकों को रोजगार देने तक सीमित नहीं रखा गया है। इस दिन जिले की 60 ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया जाएगा। इसके लिए संबंधित स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेल मैदानों के निर्माण से जहां ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार मिलेगा, वहीं गांवों में बच्चों और युवाओं के लिए खेलकूद की सुविधाओं का भी विस्तार होगा।

विशेष रोजगार दिवस के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों का चयन और श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोशिश है कि 12 अक्टूबर को अधिक से अधिक श्रमिकों को उनके गांव के आसपास ही रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

श्रमिकों को काम से जोड़ने का लक्ष्य

जिला ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक प्रणय कृष्ण ने बताया कि रोजगार सृजन दिवस के जरिए जिले में एक ही दिन में 26 हजार से अधिक श्रमिकों को काम से जोड़ने का लक्ष्य ग्रामीण रोजगार व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को आय का अवसर मिलने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

प्रशासन की नजर अब इस बात पर रहेगी कि सभी ग्राम पंचायतों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप श्रमिकों को काम उपलब्ध कराया जाए और शुरू किए जाने वाले कार्यों की प्रगति समय से आगे बढ़े।

यह भी पढ़ें- बलरामपुर में 31 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, नामी कंपनियां 3000 पदों पर करेंगी युवाओं की भर्ती

यह भी पढ़ें- सूरज से निकलेगी रोजगार की नई रोशनी, मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान... ऐसे लगा सकते हैं प्लांट