बलरामपुर में 31 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, नामी कंपनियां 3000 पदों पर करेंगी युवाओं की भर्ती
बलरामपुर में बेरोजगार युवाओं के लिए 31 अक्टूबर को वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा। इसमें लगभग 25 निजी कंपनियां 3000 पदों पर भर्ती करेंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बलरामपुर में 31 अक्टूबर को वृहद रोजगार मेला लगेगा।
लगभग 25 निजी कंपनियां 3000 रिक्त पदों पर करेंगी भर्ती।
युवाओं को 22-25 हजार रुपये तक की नौकरी मिलेगी।
संवाद सूत्र, बलरामपुर। बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। घर बैठे युवाओं को 22 से 25 हजार रुपये तक की नौकरी दिलाने के लिए विधानसभा वार जिला सेवा योजन विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेला लगाने की तैयारी है।
सदर विधानसभा में मेला आयोजन की तिथि की जिलाधिकारी स्तर से अनुमोदन मिल चुकी है। तीन हजार रिक्त पदों के लिए श्रीदत्तगंज स्थित कुबेरमाती इंटर कॉलेज परिसर में 31 अक्टूबर को रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब 25 निजी कंपनियां भाग लेंगी। इच्छुक अभ्यर्थी मेले में प्रतिभाग कर नौकरी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी मीना गुप्ता ने बताया कि रोजगार मेले में सिस्का इलेक्ट्रिक, एसआईएस सिक्योरिटी, ब्राइट फ्यूचर एंड आर्गेनिक आयुर्वेद, अशोक लीलैंड, डीएसटीईएस, पैन इंडिया स्टार ग्रुप और मैनपावर सर्विसेज समेत अन्य कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
नौकरी के लिए आवेदन करने वाले की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए
जो सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रीशियन, ब्रांच मैनेजर, सेल्स मार्केटिंग, सुपरवाइजर, एक्जीक्यूटिव, स्टोर कीपर, कंप्यूटर आपरेटर, टेली कालर, फ्रेशर ट्रेनी के लिए चयन करेंगी। बताया कि नौकरी के लिए आवेदन करने वाले की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शैक्षिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी का विभाग के पोर्टल पर आनलाइन पंजीकरण होना आवश्यक है। मेले में युवा सभी मूल प्रमाण पत्र, अंकपत्र, आधार कार्ड, फोटो और बायोडाटा के साथ पहुंच सकते हैं। अंतिम चयन कंपनी के नियमों के अनुसार होगा।
