प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: दूसरी बार बेटी होने पर मां को मिलेगी 6000 रुपये की सरकारी मदद, देखें पूरी डिटेल
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। दूसरी बार बेटी होने पर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन देने हेतु मातृ वंदना योजना।
दूसरी बेटी पर 6000, पहली बार मां बनने पर 5000 रुपये।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कर रही हैं पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार की ओर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत दूसरी बार गर्भवती होने पर बेटी को जन्म देने वाली पात्र महिला को छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
वहीं, पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को पांच हजार रुपये दिए जाने का प्रविधान है। योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के माध्यम से पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पहली बार गर्भवती होने वाली महिला को पांच हजार रुपये की धनराशि तीन किस्तों में दी जाती है। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान महिला के खानपान, स्वास्थ्य और बेहतर देखभाल में आर्थिक सहयोग देना है। वहीं, दूसरी बार गर्भधारण करने पर कन्या का जन्म होने की स्थिति में पात्र महिला को एकमुश्त छह हजार रुपये की सहायता देने का प्रविधान है।
इससे बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही मां और नवजात की देखभाल में भी मदद मिलेगी। पहली बार गर्भवती होने वाली महिलाओं को योजना के तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने पर तीन चरणों में आर्थिक सहायता दी जाती है। गर्भावस्था के दौरान पंजीकरण और जरूरी स्वास्थ्य जांच के बाद पहली किस्त के रूप में तीन हजार रुपये दिए जाते हैं।
इसके बाद गर्भावस्था के निर्धारित चरण में आवश्यक जांच और टीकाकरण पूरा होने पर दूसरी किस्त तथा बच्चे के जन्म के बाद निर्धारित टीकाकरण पूरा होने पर शेष धनराशि दी जाती है। पूरी धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। इसके लिए विभाग में पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संबंधित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां पात्र महिलाओं से संपर्क कर उनका पंजीकरण कर रही हैं। इसके लिए कार्यकर्त्रियों को विभाग की ओर से आईडी और पासवर्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पंजीकरण के लिए महिला का आधार कार्ड, टीकाकरण कार्ड, आभा कार्ड, ई-श्रम कार्ड के साथ राशन कार्ड अथवा आयुष्मान कार्ड में से किसी एक दस्तावेज की आवश्यकता होगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह कुमार ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाया जाना है। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के माध्यम से लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जा रहा है।
जो महिलाएं योजना की पात्रता पूरी करती हैं, वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ मिल सके।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले यूपी में FSDA ने 54 क्विंटल मिलावटी खाद्य पदार्थ किया जब्त, 27 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।