70 बीघा जमीन बिकी तो उसी पर मजदूरी कर फिर बना करोड़पति, करेंसी चेस्ट मामले में गिरफ्तार नीटू की कहानी
नीटू, जो कभी 70 बीघा जमीन का मालिक था और फिर उसी पर मजदूरी की, अब 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोट मामले में गिरफ्तार हुआ है।

नकली नोट मामले में गिरफ्तार नीटू की कहानी: जमीन बेचकर मजदूर बना, फिर करोड़ों का मालिक
HighLights
नीटू 17.29 करोड़ नकली नोट मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार।
कभी 70 बीघा जमीन का मालिक, फिर उसी पर मजदूरी की।
बैंक लोन दिलाकर संपर्क बढ़ाए, करोड़ों की संपत्ति बनाई।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। कभी करीब 70 बीघा जमीन का मालिक... फिर जमीन बिकी तो उसी जमीन पर मजदूरी करने की नौबत आई, लेकिन वक्त बदला और यही व्यक्ति देखते ही देखते फाइनेंस के कारोबार में उतर गया। लोगों को बैंकों से लोन दिलाने के दौरान बैंक कर्मचारियों से उसके संपर्क बढ़े और आर्थिक गतिविधियों का दायरा भी बढ़ता गया। अब 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोट मामले में आरोपित के तौर पर नाम सामने आने के बाद नीटू गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घंटाघर के सोफिया मार्केट में स्थित पीएनबी की करेंसी चेस्ट में हुए 17 करोड़ 29 लाख रुपये के नकली नोट मामले में एनआईए लगातार जांच कर रही है। अब तक पांच आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।
वहीं, मंडल प्रबंधक रवि कांसे व चेस्ट प्रबंधक सुशील कुमार की तलाश जारी है। एनआईए की टीम ने हरिद्वार के गांव कुंजा बहादुरपुर से मंगलवार को नीटू को गिरफ्तार किया है।
रुड़की में डेढ़ करोड़ का मकान
बताया जाता है कि आरोपित के परिवार के पास कभी करीब 70 बीघा जमीन थी। जमीन बेचने के बाद आर्थिक परिस्थितियां ऐसी बदलीं कि उसे अपनी ही जमीन पर मजदूरी करनी पड़ी। कुछ समय बाद उसने लोगों को बैंक से ऋण दिलाने का काम शुरू किया और धीरे-धीरे फाइनेंसर के रूप में पहचान बना ली। लोन दिलाने की प्रक्रिया के दौरान उसका बैंक कर्मचारियों से संपर्क हुआ।
बैंकिंग प्रक्रिया और ऋण संबंधी कामकाज में सक्रिय रहने के कारण उसके संपर्कों का दायरा लगातार बढ़ता गया। इसी दौरान उसकी आर्थिक स्थिति में भी बदलाव दिखाई देने लगा। सबसे बड़ा सवाल उसकी हाल की संपत्ति को लेकर उठ रहा है। जानकारों के मुताबिक कुछ माह पहले ही उसने रुड़की में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का मकान खरीदा।
गांव में होती थी चर्चा
ग्रामीण बताते हैं कि वह गांव में अक्सर चर्चाओं में रहता था। उसकी गतिविधियां, लोगों को बैंक से लोन दिलाने का काम और बदलती आर्थिक स्थिति लोगों का ध्यान खींचती रही। अब आरोपित के रूप में नाम सामने आने के बाद नीटू के बैंक संपर्कों, वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े पहलुओं को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं। हालांकि, इन तमाम पहलुओं की वास्तविक तस्वीर जांच पूरी होने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही सामने आएगी।
