मुस्लिम बहनों के शादी के कार्ड पर हिंदू दूल्हों के नाम का विवाद थमा... तय समय पर बरात लेकर पहुंचे संजय और अनिल
सहारनपुर के गंगोह में मुस्लिम बहनों की शादी के कार्ड पर हिंदू नामों को लेकर उठा विवाद शांत हो गया। ...और पढ़ें

मुस्लिम बहनों के निकाह का निमंत्रण कार्ड। सौ. स्वजन
HighLights
मुस्लिम बहनों के शादी कार्ड पर हिंदू नाम का विवाद।
परिवार ने स्पष्ट किया, दूल्हे मुस्लिम, नामकरण परंपरा।
पुलिस की निगरानी में संजय व अनिल की शादी संपन्न।
संवाद सूत्र, गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्र में दो मुस्लिम बहनों के शादी के कार्ड पर हिंदू दूल्हों के नाम प्रकाशित होने का मामला चर्चा का विषय बना है। शादी के कार्ड इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। मामले को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई वीडियो भी प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें निकाह रुकवाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आ रही थी।
यह भी पढ़ें- निकाह के कार्ड पर हिंदू दूल्हों के नाम! खड़ा हुआ विवाद, शादी समारोह में खलल डालने की धमकी
मामला गंगोह क्षेत्र का है। यहां दो मुस्लिम बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना है। निकाह के लिए छपवाया गया निमंत्रण कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कार्ड पर दूल्हों के नाम हिंदू होने के कारण कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया। हालांकि, दोनों बहनों का कहना है कि दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं। उनके परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा था।
कार्ड वायरल होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन संचालक को फोन किया। आरोप है कि फोन करने वाले ने निकाह समारोह नहीं कराने की चेतावनी दी और हिंदू संगठनों को बुलाकर हंगामा कराने की बात कही। इस घटना के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच की।
गुरुवार को हरियाणा के हिसार जनपद के छोटी सातरोड थाना क्षेत्र से अनिल की बरात गंगोह पहुंची। बरात के पहुंचने पर स्वागत किया गया। माही जींद से भी दूल्हा संजय बारात लेकर बारातियों के साथ बैंक्विट हॉल में पहुंचा शादी समारोह को लेकर जहां परिवारों में उत्साह का माहौल रहा, वहीं इंटरनेट मीडिया पर मामला तूल पकड़ने के कारण पुलिस-प्रशासन भी सतर्क नजर आया। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए बरातघर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।