निकाह के कार्ड पर हिंदू दूल्हों के नाम! खड़ा हुआ विवाद, शादी समारोह में खलल डालने की धमकी
गंगोह, सहारनपुर में निकाह के निमंत्रण कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम होने पर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद ...और पढ़ें

गंगोह में 12 नवंबर को होने वाली शादी का कार्ड। सौ. स्वजन
HighLights
निकाह कार्ड पर हिंदू नामों को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ।
शादी समारोह में बाधा डालने की धमकी मिलने से चिंता।
दुल्हनों ने शांतिपूर्ण निकाह के लिए पुलिस सुरक्षा मांगी।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। निकाह के निमंत्रण कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने को लेकर गंगोह में विवाद खड़ा हो गया। इंटरनेट मीडिया पर कार्ड प्रसारित होने के बाद कुछ लोगों ने इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। मामला बढ़ने पर दो मुस्लिम बहनों के निकाह की तैयारियों में भी खलल पड़ता दिखाई दिया। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने शादी समारोह के लिए बुक किए गए गार्डन के मालिक को फोन कर निकाह न कराने की धमकी दी। साथ ही हिंदू संगठनों को बुलाकर हंगामा कराने की बात भी की गई। इससे परेशान दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और निकाह शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा की मांग की।
मामला गंगोह क्षेत्र का है। यहां दो मुस्लिम बहनों का निकाह 12 नवंबर को होना है। निकाह के लिए छपवाया गया निमंत्रण कार्ड इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। कार्ड पर दूल्हों के नाम हिंदू होने के कारण कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया। हालांकि, दोनों बहनों का कहना है कि दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं। वे हरियाणा के जींद और हिसार जिलों के रहने वाले हैं। उनके दूल्हों के परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।
दुल्हनों के मुताबिक कार्ड वायरल होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन संचालक को फोन कर दिया। आरोप है कि फोन करने वाले ने निकाह समारोह नहीं कराने की चेतावनी दी और हिंदू संगठनों को बुलाकर हंगामा कराने की बात कही। इस घटना के बाद स्वजन की चिंता बढ़ गई है। शादी की तैयारियों पर भी इसका असर पड़ रहा है। स्वजन चाहते हैं कि निकाह निर्धारित तिथि पर बिना किसी बाधा और विवाद के संपन्न हो। इसके बाद दोनों बहनें गंगोह कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए शिकायत दी।
उन्होंने आशंका जताई कि निकाह के दौरान कोई अप्रिय स्थिति पैदा की जा सकती है। ऐसे में शादी समारोह के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि गंगोह थाने में शिकायत प्राप्त हुई थी। इसको लेकर जांच करवाई गई है। मामला सही मिला है। दोनों दूल्हे मुस्लिम परिवार से हैं, मगर उनके नाम हिंदू हैं। 12 नवंबर को दोनों बहनों की शादी होगी।