देवउठनी एकादशी से बजेगी शहनाई, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 22 दिन में होंगी पांच हजार शादियां
देवउठनी एकादशी के बाद सहारनपुर में 22 दिनों के भीतर लगभग पांच हजार शादियां होने का अनुमान है, जिससे होटल, कैटरिंग और अन्य व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
देवउठनी एकादशी के बाद 22 दिन में पांच हजार शादियां।
शादी समारोहों का खर्च महंगाई के कारण 25 प्रतिशत बढ़ा।
होटल, कैटरिंग, ज्वेलरी कारोबारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। देवउठनी एकादशी के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी और शहर में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी। 20 नवंबर के बाद शुरू हो रहे सहालग में अगले 22 दिनों के भीतर करीब पांच हजार शादियां होने का अनुमान है।
बड़े शादी सीजन से होटल, बैंक्वेट हाल, मैरिज लॉन, कैटरिंग, ज्वेलरी, टेंट और सजावट के कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। बाजारों में भी खरीदारी का माहौल बनने लगा है। हालांकि, महंगाई ने मेजबानों की चिंता बढ़ा दी है।
चातुर्मास समाप्त होने के करीब चार महीने बाद शादी का सीजन शुरू हो रहा है। पिछले सीजन के मुकाबले इस बार शादी समारोह के आयोजन पर करीब 25 प्रतिशत अधिक खर्च करना पड़ सकता है। मेहमानों की आवभगत में अहम भोजन का खर्च भी बढ़ा है।
खाद्य सामग्री, सब्जियों और मसालों के दाम बढ़ने से कैटरिंग की प्रति प्लेट दर में करीब 100 रुपये की वृद्धि हुई है। अब एक प्लेट की कीमत 700 से 900 रुपये तक पहुंच गई है। मेहमानों की संख्या अधिक होने पर भोजन का बजट हजारों से बढ़कर लाखों रुपये तक पहुंच सकता है।
शादी समारोह को आकर्षक बनाने के लिए फूलों और लाइटिंग की सजावट भी महंगी हुई है। होटल संचालक अमित कुमार के मुताबिक, सजावट के खर्च में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक उछाल आया है। बैंड-बाजा और डीजे की बुकिंग दरें भी पिछले सीजन की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत बढ़ी हैं।
टेंट, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं का खर्च बढ़ने से शादी का कुल बजट प्रभावित हो रहा है। रामनगर निवासी कैटरर संजय ने बताया कि शादी के सीजन में कैटरिंग की कीमतें बढ़ी हैं।
तेल, पनीर, मावा और मसालों के दाम बढ़ने के कारण कैटरर्स ने भी अपने शुल्क में वृद्धि की है। शादियां शुरू होने से पहले होटल, मैरिज लान, कैटरिंग, बैंड-बाजा, फूल विक्रेता और सजावट कारोबारियों को बुकिंग बढ़ने तथा बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।