Delhi-Dehradun Greenfield Highway का उद्घाटन अगले माह प्रस्तावित, कहीं बिजली कनेक्शन इसमें न बन जाए बाधा
दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन अप्रैल में प्रस्तावित है। हालांकि, बड़गांव और जैनपुर जैसे स्थानों पर टोल प्लाजा और इंटरचेंज ...और पढ़ें

HighLights
टोल प्लाजा और इंटरचेंज पर विद्युत कनेक्शन अभी तक नहीं हो सके हैं चालू।
एनएचएआई व ऊर्जा निगम के कनेक्शन की धनराशि को लेकर अलग-अलग दावे।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले माह करेंगे।यहां हाईवे पर बड़गांव के पास जैनपुर टोल प्लाजा, गांव लतीफपुर में इंटरचेंज रैंप, गांव जैनपुर में टोल प्लाजा और हलगोया आदि में विद्युत कनेक्शन चालू नहीं हो सके हैं।
ऊर्जा निगम के अधिकारी का कहना है कि रामपुर मनिहारान डिवीजन से संबंधित कनेक्शन को एनएचएआइ द्वारा धनराशि जमा नहीं कराई गई है। देवबंद डिवीजन से संबंधित कनेक्शन में धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। उधर, गणेशपुर के पास प्रस्तावित उद्घाटन समारोह के लिए 50 बीघा से अधिक भूमि को समतल कराने का काम तेजी से कराया जा रहा है।
दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड हाईवे का लगभग 74 किमी हिस्सा सहारनपुर में आता है। यह हाईवे शामली के ख्यावड़ी से सहारनपुर में प्रवेश करता है। नागल के रामखेड़ी के पास बने गोल चक्कर के द्वारा यह हाईवे पंचकूला-हरिद्वार हाईवे पर लिंक करता है।
यहां से 41 किमी हाईवे एनएचएआइ रूड़की डिवीजन के अंतर्गत आता है। सिक्स लेन हाईवे का काम एनएचएआई द्वारा पूरा किया जा चुका है। टोल प्लाजा आदि भी पूरी तरह तैयार है। हाईवे पर मुख्य अवरोध अभी विद्युत कनेक्शन को लेकर बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार ऊर्जा निगम देवबंद डिवीजन से संबंधित कनेक्शन लेने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। अभी कनेक्शन चालू नहीं हो सके है।
इसके अलावा ऊर्जा निगम के रामपुर मनिहारान डिवीजन से होने वाले कनेक्शन की प्रक्रिया में अभी अवरोध बना हुआ है। अधिशासी अभियंता विजय कुमार ने बताया कि ऊर्जा निगम के पास कनेक्शन लेने संबंधी आवश्यक धनराशि एनएचएआइ द्वारा जमा नहीं कराई गई है, जिसके चलते आवश्यक प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है।
दूसरी ओर एनएचएआइ बागपत डिवीजन के परियोजना निदेशक नरेन्द्र सिंह ने बताया कि ऊर्जा निगम को आवश्यक धनराशि जमा कराई जा चुकी है और जल्द ही विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी।
यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Highway के उद्घाटन में अब एक माह से भी कम समय बाकी, NHAI के अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों को परखा
दूसरी ओर ग्रीनफील्ड हाईवे पर गणेशपुर के निकट हाईवे के उद्घाटन समारोह के लिए 50 बीघा से अधिक भूमि को जेसीबी से समतल कराने का काम तेजी से कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाईवे का उद्घाटन किया जाएगा। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में यह उद्घाटन संभावित है।
विद्युत कनेक्शन को लेकर खींचतान
दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड हाईवे पर वाहनों के संचालन को उद्घाटन का इंतजार है। उद्घाटन के बाद हाईवे पर वाहनों का संचालन शुरू हो जाएगा। एनएचएआई ने जिन प्वाइंट को विद्युत कनेक्शन के लिए चिन्हित किया गया है वहां अभी तक कनेक्शन चालू नहीं हो सके। ऐसे में यदि हाईवे पर वाहन फर्राटा भरेंगे तो अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। टोल प्लाजा जैसे महत्वपूर्ण स्थलों पर भी विद्युत कनेक्शन शुरू नहीं हो सके हैं।
