विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Delhi-Dehradun Greenfield Highway के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर, बन रहे छह हेलीपैड; PMO से तिथि मिलने का इंतजार 

By Sanjeev Kumar Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 28 Mar 2026 06:59 PM (IST)

Delhi-Dehradun Greenfield Highway : सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। एनएचएआई अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन की तैयारी

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन की तैयारी

HighLights

  1. सहारनपुर के गणेशपुर में हाईवे उद्घाटन कार्यक्रम को हेलीपैड बन रहे।

  2. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना।

संवाद सूत्र, बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन को लेकर गणेशपुर में दो बड़े मैदान तैयार कराए जा रहे हैं। यहां दोनों ओर तीन-तीन हेलीपैड बनाने को लेकर मैदान समतल कराने के काम में तेजी आई है। प्रधानमंत्री कार्यालय से हाईवे के उद्घाटन की तिथि मिलने का इंतजार है।
वहीं बड़गांव इंटरचेंज के आसपास विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी आई है। जिले में हाईवे की लंबाई लगभग 74 किमी है।

बिहारीगढ़ में गणेशपुर के पश्चिम दिशा में तैयार किए जा रहे मैदान में तीन हेलीपैड बनाए जाएंगे जबकि दूसरी ओर के मैदान पर भी हेलीपैड बनाने का काम चल रहा है। हेलीपैड, हाईवे से करीब 500 मीटर की दूरी पर है, यहां तक जाने के लिये सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। यह तैयारी दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड हाईवे के उद्घाटन कार्यक्रम के लिये है।अभी उद्घाटन की तारीख की घोषणा नही हुई है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है। गणेशपुर से डाट मंदिर तक बनाए गए एलिवेटिड रोड के उद्घाटन के बाद देहरादून में सभा होगी। हालांकि कार्यक्रम की तिथि भले ही अभी तक तय न हुई हो लेकिन एनएचएआई के अधिकारी तैयारियों में जुटे है। सुरक्षा की दृष्टि से हेलीपैड के आसपास एक नियत दायरे से पेड़ भी कटवाए जाएंगे, इसके लिये प्रक्रिया चल रही है।

दोनों ओर बनेंगे रेस्ट एरिया

दिल्ली देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर मनोहरपुर व टांडा मानसिंह के निकट हाईवे के दोनों ओर रेस्ट एरिया बनाये जाने है,इनके लिये आठ से दस बीघा भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है जिसके पास से सर्विस रोड़ का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन अभी तक रेस्ट एरिया की खाली भूमि निर्माण की बाट जोह रही है।

यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Greenfield Highway का उद्घाटन अगले माह प्रस्‍तावि‍त, कहीं बिजली कनेक्शन इसमें न बन जाए बाधा

रेस्ट एरिया के निर्माण किसी अन्य संस्था द्वारा कराया जाने की बात बताई जा रही है। हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिये रेस्ट एरिया में होटल, रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप, चिकित्सा सुविधा, विश्रामगृह सहित यात्रियों के लिये अन्य सुविधाएं सुलभ कराई जाती है

विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी

ग्रीनफील्ड हाईवे पर बड़गांव के पास जैनपुर टोल प्लाजा,गांव लतीफपुर में इंटरचेंज रैंप एवं हलगोया आदि में विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में भी तेजी आई है,इन क्षेत्रों में ऊर्जा निगम के देवबंद और रामपुर मनिहारान डिवीजन से कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी होनी है। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक धनराशि ऊर्जा निगम को जमा कराई जा चुकी है।