Delhi-Dehradun Greenfield Highway के उद्घाटन की तैयारी, लेकिन पार्किंग और रेस्ट एरिया का निर्माण अधूरा
दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन पार्किंग और रेस्ट एरिया का निर्माण अभी अधूरा है।

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर पार्किंग और रेस्ट एरिया का निर्माण अधूरा
HighLights
210 किमी लंबा है दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे।
अप्रैल में उद्घाटन प्रस्तावित, अभी तारीख तय नहीं।
संवाद सूत्र, छुटमलपुर (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे उद्घाटन के लिए तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं, लेकिन अभी हाईवे पर पार्किंग सुविधा व रेस्ट एरिया का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
दिल्ली से देहरादून 210 किमी लंबे दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन अप्रैल में किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए एनएचएआई द्वारा तैयारियां भी जोरशोर से जारी हैं। हालांकि उद्घाटन की तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है। हाईवे के चरण तीन, चार में आने वाले 53 किमी मार्ग पर हल्के व भारी वाहन 28 दिसंबर से फर्राटा भर रहे हैं।
एशिया का सबसे लंबा ईको कारिडोर होने के कारण यह लगातार चर्चा में है। गणेशपुर से देहरादून के बीच 20 किमी का मार्ग राजाजी नेशनल पार्क की रमणीय वादियों से होकर गुजरता है, जिस पर यात्रा करना एक सुखद अनुभव रहेगा। 210 किमी के इस एक्सप्रेस-वे के किनारे पार्किंग हब एवं रेस्ट एरिया बनाया जाना भी प्रस्तावित है। हालांकि यह कार्य भी अप्रैल तक पूरा किया जाना था।
देरी के चलते यह कार्य अभी तक अधूरा ही पड़ा है। सहारनपुर क्षेत्र के हरौडा से सैयद माजरा टोल प्लाजा के बीच फोरलेन पर तीन जगह रेस्ट एरिया बनाए गए थे। अब इन रेस्ट एरिया को समाप्त किया जा रहा है। रेस्ट एरिया की इमारतों से खिड़की दरवाजे आदि भी उखाड़े जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Greenfield Highway के उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर, बन रहे छह हेलीपैड; PMO से तिथि मिलने का इंतजार
बिहारीगढ़ के निकट मनोहरपुर में रेस्ट एरिया का निर्माण किया जाना है जिस पर कार्य धीमी गति से चल रहा है। पार्किंग हब तथा रेस्ट एरिया में ईवी चार्जिंग स्टेशन,खानपान की सुविधा के लिए रेस्टोरेंट तथा शौचालय आदि की सुविधा भी उपलब्ध कराया जाना है।
एनएचएआई रूड़की के परियोजना निदेशक विशाल गोयल ने बताया कि उनके क्षेत्र में हाईवे का लगभग सभी काम पूरा कर लिया गया है। उद्घाटन की तिथि की अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
