विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में 50 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा टैबलेट, सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:32 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर में 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। इस भव्य कार्यक्रम के लिए रिमाउंट डिपो मैदान में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं।

सीएम योगी के आगमन को लेकर बनाए जा रहे हेलीपैड का निरीक्षण करते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी। फोटो जागरण

सीएम योगी के आगमन को लेकर बनाए जा रहे हेलीपैड का निरीक्षण करते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट देंगे।

  2. सहारनपुर के रिमाउंट डिपो मैदान में तैयारियां तेज।

  3. सुरक्षा के लिए हेलीपैड और विशाल पंडाल का निर्माण जारी।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। देहरादून रोड स्थित रिमाउंट डिपो मैदान में आयोजन की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। मैदान से गुजर रही हाईटेंशन लाइन और खंभे हटाने का काम ऊर्जा निगम की टीम ने किया।

हेलीपैड के आसपास सुरक्षा में बाधक पेड़ भी हटवाए गए हैं। मंडलायुक्त, डीएम और एसएसपी ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।

सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारी तेज

समारोह के लिए छह लाख वर्ग फीट का पंडाल बनाया जा रहा है। 300 मीटर लंबे और 200 मीटर चौड़े जर्मन हैंगर पंडाल को ढकने के साथ 72 ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। मुख्य पंडाल में मंच और लाउडस्पीकर लगाने का काम जारी है।

मैदान के एक छोर पर हेलीपैड तैयार करने में 30 से अधिक कारीगर और मजदूर जुटे हैं। नगर निगम की टीम आसपास के पेड़ हटाने के साथ जेसीबी से मैदान समतल करा रही है। मुख्य पंडाल के दोनों ओर दो-दो पंडाल और उनके आसपास खुले गलियारे बनाए जा रहे हैं।

65-70 हजार विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था

वीवीआईपी और वीआईपी मुख्य गेट से आएंगे। विद्यार्थियों और आमजन के लिए दो से तीन बड़े गेट खोलने की योजना है। पार्किंग की व्यवस्था जेल चुंगी के पास मैदान, माहीपुरा चौक स्थित महाराज सिंह मैदान और ट्रांसपोर्ट नगर में सात स्थानों पर रहेगी। पंडाल में 65-70 हजार विद्यार्थियों और लोगों के बैठने की क्षमता होगी।

मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार, डीएम अरविन्द कुमार चौहान, एसएसपी अभिनंदन और एडीएम-ई लवी त्रिपाठी ने तैयारियों का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता धर्मेन्द्र सिंह और ठेकेदार दीपक जैन ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुसार तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नियुक्त अधिकारी कर्मचारियों के काम की निगरानी कर रहे हैं।

पतंगबाजी से हो सकती है परेशानी

मैदान के आसपास आबादी वाले क्षेत्र में पतंगें उड़ रही हैं। अधिकारियों ने हेलीकाप्टर उतरने के दौरान पतंगों से संभावित खतरे को चिन्हित किया। हेलीपैड से मैदान की चारदीवारी के बाहर लगे बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर को लेकर भी चर्चा की गई। सुरक्षा के मद्देनजर समारोह के दौरान क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद रखी जा सकती है। आबादी क्षेत्र के मकानों पर पुलिसकर्मी भी तैनात किए जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी की पहल से बुंदेलखंड के 10 हजार किसानों की बदली तकदीर, लाखों रुपये कमाकर बन रहे आत्मनिर्भर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।