सहारनपुर वालों के लिए अच्छी खबर: कैंप में बनाए जाएंगे आधार कार्ड, मुफ्त स्वास्थ्य जांच भी होगी
Saharanpur News: सहारनपुर के पाइनवुड स्कूल में मेगा विधिक सेवा सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित होगा। इसमें आधार कार्ड बनाने, निश्शुल्क स्वास्थ्य जांच आदि कार्य होंगे।

प्रतीकात्मक फाेटो
HighLights
पाइनवुड स्कूल में आयोजित होगा वृहद विधिक सेवा सहायता एवं सेवा शिविर।
अपर जिला जज ने अधिकारियों के साथ की शिविर की तैयारियों की समीक्षा।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। पाइनवुड स्कूल में एक नवंबर को मेगा विधिक सेवा सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित होगा। जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आधार भी कार्ड बनाए जाएंगे तथा लोग निश्शुल्क स्वास्थ्य जांच भी करा सकेंगे।
शुक्रवार को अपर जिला जज एवं शिविर के नोडल अधिकारी विकास गुप्ता ने इसकी तैयारियों की समीक्षा की। दीवानी कचहरी के न्यायिक अधिकारी सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पप्पू कुमार सिंह और पूर्णकालिक सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) आशुतोष तिवारी भी शामिल हुए।
अपर जिला जज विकास गुप्ता ने बताया कि शिविर में विधिक सेवा प्राधिकरण की पीड़ित क्षतिपूर्ति, एसिड हमलों के पीड़ितों, वरिष्ठ नागरिकों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सेवाओं तथा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही निम्नलिखित योजनाओं का प्रचार तथा लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा:
- आयुष्मान कार्ड
- सामान्य बीमा
- किसान बीमा
- निराश्रित महिला पेंशन
- जननी सुरक्षा
- प्रधानमंत्री आवास
- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला
- वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन
- शादी अनुदान
- चिकित्सा सहायता
- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ
- मातृत्व
- पीएम सूर्यघर योजनाएं
शिविर में आधार कार्ड बनाए जाएंगे। बीपी, शुगर, टीबी और आंखों की निश्शुल्क जांच के साथ एक्सरे भी होंगे। वन विभाग पौधे बांटेगा। अपर जिला जज ने विभागों को लाभार्थियों की पहचान कर सूची और आवेदन पहले से तैयार करने तथा स्टाल लगाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी धीरेन्द्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी डीपी सिंह और दिव्यांगजन अधिकारी अजय कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
