शिवा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे को ठगी की रकम से खरीदी स्कोडा कार पर कोर्ट का नोटिस
शिवा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा दुबे को सहारनपुर कोर्ट ने स्कोडा कार रिलीज मामले में नोटिस जारी किया ...और पढ़ें

श्रद्धा दुबे और शिवा शिव शर्मा के फाइल फोटो। सौ. सोशल मीडिया
HighLights
90.59 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में जब्त की गई कार का मामला।
सहारनपुर की एसीजेएम-द्वितीय अदालत ने श्रद्धा को नोटिस जारी किया।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। लखनऊ के शिवा हत्याकांड में 25 हजार रुपये की इनामी और फरार चल रही श्रद्धा दुबे की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आयुष्मान योजना से जुड़े 90.59 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में जब्त लग्जरी स्कोडा कार को रिलीज कराने की अर्जी पर सहारनपुर की एसीजेएम-द्वितीय अदालत ने श्रद्धा को नोटिस जारी किया है। अदालत ने उसे 30 अक्टूबर 2026 को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है।
साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमे में जब्त स्कोडा कार को छुड़ाने के लिए डा. प्रभात कुमार वर्मा ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है। अदालत ने 16 अक्टूबर को नोटिस जारी कर श्रद्धा दुबे को सुनवाई में पक्ष रखने का मौका दिया।
पुलिस की पूर्व जांच के मुताबिक, लखनऊ निवासी अंकित जायसवाल ने कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम से स्कोडा कार खरीदी थी और उसका पंजीकरण श्रद्धा दुबे के नाम पर कराया था। दिसंबर 2024 में पुलिस ने अंकित समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। तभी से कार साइबर क्राइम थाने में जब्त है।
यह है मामला
पिछले दिनों लखनऊ में आंगन कैफे के संचालक 27 वर्षाय शिवा शर्मा की अवध ग्रीन अपार्टमेंट से गिरकर मौत के प्रकरण में उसकी प्रेमिका सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। बताया गया है कि शिवा शर्मा के साथ उसकी प्रेमिका इंफ्लूएंसर श्रद्धा दुबे लिव-इन में थी।
मृतक की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को प्रताड़ित किया जाता था और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। हजरतगंज पुलिस ने प्रेमिका श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल और चालक समेत अन्य लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
