रामपुर: ATS की पूछताछ के बाद घर लौटे युवक ने जहर खाकर दी जान, स्वजन बोले- धमकाने से दहशत में था आसिफ
एटीएस की पूछताछ के बाद घर लौटे 24 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि एटीएस की धमकी से युवक दहशत में था, जिससे उसने यह कदम उठाया।

पुलिस से बातचीत के दौरान स्वजन।
HighLights
एटीएस पूछताछ के बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खाया।
परिजनों का आरोप, एटीएस की धमकी से युवक डरा था।
पुलिस मामले की जांच कर रही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
संवाद सहयोगी, स्वार (रामपुर)। एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि एक दिन पहले मुरादाबाद से आई एटीएस की टीम उसे पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। पूछताछ के बाद उसे शाम को छोड़ दिया गया था। इसके बाद से वह काफी घबराया हुआ था। आरोप है कि एटीएस की पूछताछ और कथित धमकी से युवक के मन में डर बैठ गया था।
गांव गोविंदपुरा निवासी मुहम्मद अहमद की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। परिवार में उनकी पत्नी भूरी और छह बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और दो बेटियां हैं। तीसरे नंबर का बेटा 24 वर्षीय आसिफ अली अपने भाइयों के साथ राजस्थान के पाली क्षेत्र में रहकर सिलाई का काम करता था। करीब एक सप्ताह पहले ही वह राजस्थान से अपने गांव आया था।
स्वजन के मुताबिक, गुरुवार को मुरादाबाद की एटीएस टीम गांव पहुंची थी और आसिफ अली को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। शाम को पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद से आसिफ काफी परेशान और घबराया हुआ दिखाई दे रहा था।
स्वजन का आरोप- टीम की पूछताछ और धमकाने से दहशत में था आसिफ
उसकी मां भूरी और चाचा अहमद हसन का आरोप है कि पूछताछ के दौरान बेटे को धमकाया गया था। हालांकि, परिवार के लोगों को यह जानकारी नहीं है कि उससे किस मामले में पूछताछ की गई थी और टीम को उससे क्या जानकारी चाहिए थी। गांव में चर्चा है कि आसिफ का इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से संपर्क था। इसी संबंध में एटीएस की टीम ने उससे पूछताछ की थी। स्वजन का कहना है कि पूछताछ के बाद से आसिफ के मन में डर बैठ गया था।
राजस्थान में भाइयों के साथ करता था सिलाई का काम
शुक्रवार सुबह उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर नगर के एसबीआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। मां भूरी का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वार पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्राइम इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है उसकी रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या की सूचना पर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।