UP Basic Shiksha: 17 नवंबर से शुरू होंगी परिषदीय स्कूलों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, 1.55 लाख छात्र होंगे शामिल
रामपुर के परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होकर 21 नवंबर ...और पढ़ें

प्राथमिक विद्यालय लालपुर कला में वार्षिक परीक्षा देते बच्चे। स्रोत. शिक्षक
HighLights
1596 स्कूलों में तैयारियां तेज, कक्षा छह से आठ तक होंगे केवल लिखित प्रश्नपत्र
कक्षा एक की मौखिक, दो-तीन में लिखित और मौखिक दोनों तरह की होगी परीक्षा
संवाद सहयोगी, रामपुर। परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होंगी। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 21 नवंबर तक पांच दिन दो पालियों में कराई जाएंगी। जिले के 1596 परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 1.55 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
विद्यालय स्तर पर परीक्षा कराने की जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापक की होगी, जबकि विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी और जिला स्तर पर बीएसए व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
परीक्षा और मूल्यांकन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में होंगी।

कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 प्रतिशत रहेगा। कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा का अधिभार 70 प्रतिशत और मौखिक परीक्षा का 30 प्रतिशत होगा।
वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह लिखित होगी। सभी कक्षाओं की परीक्षाएं 50 अंकों की होंगी। प्रश्नपत्रों में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए जाएंगे।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय पर परीक्षा संपन्न कराएं। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी: रामपुर के 2.43 लाख किसानों के खाते में आए 2-2 हजार रुपये, चेहरे खिले