पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी: रामपुर के 2.43 लाख किसानों के खाते में आए 2-2 हजार रुपये, चेहरे खिले
रामपुर जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत 2.43 लाख किसानों के खातों में 48.64 करोड़ रुपये जमा किए गए।

एआई इमेज
HighLights
खेतों की मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए शुरू हुआ खेत बचाओ अभियान
जागरण संवाददाता, रामपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 2.43 लाख किसानों के बैंक खातों में शुक्रवार को 48.64 करोड़ रुपये की धनराशि पहुंची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत जिले के 2,43,215 किसानों को दो-दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही उनके चेहरे खिल गए।
शुक्रवार को विकास भवन सभागार, कृषि विज्ञान केंद्र धमोरा और जिले के सभी विकास खंडों में कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का आनलाइन प्रसारण दिखाया व सुनाया गया।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने किसानों को पीएम-किसान योजना की पात्रता और लाभ के बारे में बताया।
साथ ही उन्होंने रबी फसलों के बीजों की बुकिंग, प्राकृतिक खेती और कृषि विभाग की दूसरी योजनाओं की जानकारी भी दी। बताया कि जिले में अब तक योजना की 24 किस्तों के माध्यम से कुल 3,23,916 किसानों को 1,139.06 करोड़ रुपये की धनराशि दी जा चुकी है।
यह सहायता किसानों को खेती से जुड़ी छोटी जरूरतों और कृषि खर्चों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है। इस दौरान भूमि संरक्षण अधिकारी हर्षित कुमार चौहान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, विभागीय कर्मचारी और विभिन्न विकास खंडों से आए किसानों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान किसानों ने कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हासिल की।
मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने पर जोर
पीएम-किसान की किस्त जारी होने के साथ ही जिले में खेतों की मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए चलाए जा रहे 'खेत बचाओ अभियान' के तहत भी किसानों को जागरूक किया गया।
26 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक विकास खंड के चयनित गांवों को शामिल किया गया है। इसके तहत किसानों को मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने, जरूरत के मुताबिक संतुलित मात्रा में उर्वरकों का इस्तेमाल करने और जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि 31 अक्टूबर को मिलक ब्लॉक के मुबारकपुर और बिलासपुर ब्लॉक के लखीमपुर गांव में जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत जेल में कैदी की मौत पर एक्शन: मानवाधिकार आयोग ने DM से मांगी रिपोर्ट, CCTV सुरक्षित रखने के निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।