विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर: सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने किया कांग्रेस से गठबंधन का ऐलान, आजम समर्थकों की दूरी से गरमाई राजनीति

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:18 PM (IST)

सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने रामपुर में कांग्रेस के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की घोषणा की। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर और आजम खां गुट ने प्रेसवार्ता से दूरी बनाए रखी, जिससे पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी सामने आई।

कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता करते सांसद मोहिबुल्लाह नदवी। सौ. इंटरनेट मीडिया

कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता करते सांसद मोहिबुल्लाह नदवी। सौ. इंटरनेट मीडिया 

HighLights

  1. सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर समेत आजम खान के गुट ने सांसद की प्रेसवार्ता से बनाई दूरी

जागरण संवाददाता, रामपुर। आपसी गुटबाजी के बीच आगामी विधानसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। इस संबंध में सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता से सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर समेत आजम खां का गुट दूरी बनाए रहा। इसको लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

रविवार को सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी के तोपखाना रोड स्थित कैंप कार्यालय पर सपा और कांग्रेस नेताओं की संयुक्त प्रेसवार्ता हुई। इसमें सांसद ने कहा कि आईएनडीआईए (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के तहत विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में गठबंधन से चुनाव लड़ा जाएगा।

हमारे जो प्रत्याशी जीतने की स्थिति में होंगे, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा, चाहे वह सपा से हों या कांग्रेस से। सपा नेता आजम खान की पत्नी डाॅ. तजीन फात्मा द्वारा 15 सीटों की मांग पर कहा कि पार्टी में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है।

अब कमरों में बैठकर रामपुर की लीडरशिप तय करने का दौर नहीं रहा। टिकट को लेकर अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनावों में मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ेगी।

विधानसभा चुनाव में अब्दुल क्या करेगा, इस सवाल पर सांसद भड़क गए। कहा कि इस तरह से किसी भी समुदाय का मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए। कहा कि सपा की सरकार बनने पर यहां एम्स जैसा मेडिकल काॅलेज बनाया जाएगा।

कैंप कार्यालय के सामने से कूड़ा दिखाते हुए कहा कि मीडिया के माध्यम से 15 दिन का समय देते हैं इस दौरान कूड़ा नहीं हटाया गया तो आंदोलन करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिल शर्मा निक्कू पंडित ने कहा कि हमें योगी और मोदी सरकार से लड़ना है।

ईडी और चुनाव आयुक्त से लड़ना है। इस बार हम जमकर लड़ेंगे और एक साथ लड़ेंगे। अपनी सीटें भी मांगेंगे। पार्टी नेतृत्व जिसे टिकट देगा, उसे पूरी ताकत से लड़ाएंगे। संयुक्त प्रेसवार्ता सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।

लोगों ने सवाल उठाए कि जब अभी से सपा की गुटबाजी शुरू हो गई है तो ऐसे में पार्टी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। इस प्रेसवार्ता को लेकर सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर व नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने भी चुप्पी साध ली है।

लोकसभा चुनाव में आजम खान ने सपा से मोहिबुल्लाह नदवी को प्रत्याशी बनाए जाने का खुलकर विरोध किया था। इसके बावजूद न सिर्फ उन्हें टिकट मिला बल्कि, उन्होंने जीत भी हासिल कर ली।

तब से रामपुर में सपा आजम खान और मोहिबुल्लाह के दो गुटों में बंटी हुई है। जेल से बाहर आने पर आजम खान और सांसद के बीच सार्वजनिक मंचों पर कटाक्ष भी सुर्खियों में रहते हैं।

यह भी पढ़ें- रामपुर में कुदरत का कहर: कोसी नदी के तेज बहाव में बहे 11 बेजुबान, पशुपालकों के आंसुओं में बदला रोजी-रोटी का सहारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।